मुरैना। कैलारस शहर (Calaras city) के बनखण्डी रोड नरूआ के पास बिजली टावर (power tower) पर बड़ी दुर्घटना होते बच गई। बिजली के 132 केवी लाइन टावर पर एक विक्षिप्त युवक चढ़ गया। इसे पुलिस व बिजली विभाग के ग्रामीणों ने समझाइश देकर उतारा। लगभग एक घंटे तक इस युवक ने सभी को परेशान किया। टावर से उतरते ही युवक खेतों में भाग खड़ा हुआ।
जानकारी के अनुसार मंगलवार सुबह महादेवपुरा निवासी लल्लू उर्फ माधव सिंह कुशवाह विद्युत टावर पर चढ़ गया। विद्युत लाइनों को पार करता हुआ यह टावर के टॉप पर पहुंच गया। जिससे कुछ देर तक लोगों की सांसें थम गईं। इसकी गतिविधियों को देखकर ग्रामीणों ने पुलिस व बिजली विभाग को सूचना दी। विक्षिप्त युवक को टावर के ऊपर चढ़ा देखकर राहगीरों का हुजूम एकत्रित हो गया। सभी उसकी गतिविधियों को देख रहे थे। इसी बीच पुलिस व बिजली विभाग के दल वहां पहुंच गये। ग्रामीणों के साथ अधिकारियों ने एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद युवक को समझाबुझाकर नीचे उतारा। यह युवक पूर्व में भी बिजली टावर पर चढक़र इसी तरह की गतिविधियों को अंजाम दे चुका है। विद्युत विभाग के उपयंत्री वीरेन्द्र सिंह सिकरवार ने बताया कि विद्युत के अर्थवायर के ऊपर यह युवक पहुंच गया। जिसे सुरक्षित उतार लिया गया।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved