
नई दिल्ली । रैपर बादशाह के नए गाने टटीरी को लेकर छिड़ा विवाद (Controversy erupts over new song Tattiri)थमने का नाम नहीं ले रहा है। गाने के वीडियो और उसके लिरिक्स(Song video and lyrics) को लेकर सोशल मीडिया (Social media)से लेकर राजनीतिक और सामाजिक हलकों तक तीखी प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है। महिलाओं और नाबालिग लड़कियों (women and minor girls)के कथित सेक्शुअलाइजेशन के आरोपों के बीच बादशाह ने सार्वजनिक रूप से माफी मांग ली है, लेकिन विवाद अभी भी जारी है। इस बीच भारतीय बॉक्सर Vijender Singh ने सामने आकर बादशाह (Badshah)का समर्थन किया है और लोगों से मामले को यहीं खत्म करने की अपील की है।
कुछ दिन पहले रिलीज हुए ‘टटीरी’ गाने के वीडियो में स्कूल की बच्चियों को दिखाए जाने और उसमें इस्तेमाल किए गए भद्दे लिरिक्स को लेकर भारी नाराजगी सामने आई। सोशल मीडिया पर बड़ी संख्या में लोगों ने इसे महिलाओं और नाबालिग लड़कियों के प्रति आपत्तिजनक बताते हुए कड़ी आलोचना की। विवाद बढ़ने के बाद मामला पुलिस तक पहुंच गया और हरियाणा में बादशाह के खिलाफ कई शिकायतें दर्ज कराई गईं।
इस पूरे विवाद के बीच विजेंद्र सिंह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट करते हुए कलाकारों और समाज दोनों से संतुलन बनाए रखने की अपील की। उन्होंने लिखा कि हरियाणा के लोगों की भावनाओं को कई बार गानों के जरिए ठेस पहुंचती है। कई बार कलाकार माफी मांगते हैं और कभी गाने हटवाए जाते हैं। उनका कहना था कि कलाकारों से गलती हो सकती है और कभी-कभी उनके शब्दों का मतलब भी बदलकर समझा जाता है, लेकिन समाज को भी बड़ा दिल दिखाते हुए माफी को स्वीकार करना चाहिए।
विजेंद्र सिंह ने आगे कहा कि अगर हर छोटी-बड़ी बात पर विवाद बढ़ता रहेगा तो इससे हरियाणा की कला और संस्कृति को नुकसान हो सकता है। कलाकार भविष्य में किसी भी तरह का मनोरंजन या रचनात्मक काम करने से पहले डरने लगेंगे। उन्होंने कहा कि अच्छे काम की तारीफ भी जरूरी है और गलत काम पर रोक लगाना भी उतना ही जरूरी है। उनके मुताबिक बादशाह ने गलती मान ली है और माफी भी मांग ली है, इसलिए अब लोगों को इस मामले को खत्म कर आगे बढ़ना चाहिए।
दूसरी ओर बादशाह ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो जारी कर गाने को लेकर खेद जताया था। उन्होंने कहा कि गाने के एक हिस्से में इस्तेमाल किए गए लिरिक्स और विजुअल रिप्रेजेंटेशन की वजह से कई लोगों, खासकर हरियाणा के लोगों की भावनाएं आहत हुई हैं। बादशाह ने स्पष्ट किया कि उनका ऐसा कोई इरादा नहीं था कि वे हरियाणा के किसी बच्चे या महिला के बारे में आपत्तिजनक टिप्पणी करें।
उन्होंने कहा कि वे खुद हरियाणा से आते हैं और अपनी पहचान को लेकर गर्व महसूस करते हैं। उनकी भाषा, खान-पान और संस्कृति पूरी तरह हरियाणवी है। बादशाह के मुताबिक हिप-हॉप जॉनर में कई बार लिरिक्स प्रतिस्पर्धा या विरोधियों के लिए लिखे जाते हैं, लेकिन उनका उद्देश्य कभी भी महिलाओं या बच्चों को निशाना बनाना नहीं रहा। उन्होंने लोगों से हरियाणा का बेटा समझकर माफ करने की अपील की।
हालांकि विवाद यहीं खत्म नहीं हुआ है। हरियाणा पुलिस ने इस मामले में सख्त रुख अपनाते हुए बादशाह के खिलाफ केस दर्ज किया है। उन्हें देश छोड़कर जाने से रोकने के लिए लुकआउट सर्कुलर जारी करने की प्रक्रिया भी शुरू की गई थी। पुलिस ने उनकी संभावित लोकेशन पर छापेमारी भी की और उन्हें जल्द पेश होने का निर्देश दिया। इसके अलावा हरियाणा महिला आयोग ने भी बादशाह को समन जारी कर पूछताछ के लिए बुलाया है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved