
मुंबई। साउथ अभिनेता विक्रम (Vikram) की आगामी तमिल फिल्म ‘ध्रुव नटचतिरम’ (Dhruva Natchathiram) आज स्क्रीन पर रिलीज होने के लिए पूरी तरह तैयार थी। मगर अब यह फिल्म आज रिलीज नहीं होगी। शुक्रवार सुबह करीब 3 बजे फिल्म के निर्देशक गौतम वासुदेव मेनन ने एक्स (पूर्व में ट्विटर) कर इसकी जानकारी दी है। मेनन ने बताया कि वह आज ध्रुव नटचथिरम को स्क्रीन पर लाने में असमर्थ हैं।
गौतम वासुदेव मेनन के निर्देशन में बनी यह फिल्म 2018 से निर्माण में है। फिल्म को कई देरी का सामना करना पड़ा है। दर्शकों को इस जासूसी एक्शन फिल्म का बेसब्री से इंतजार है। विक्रम, रितु वर्मा, सिमरन, आर पार्थिबन, राधिका सरथकुमार और विनायकन स्टारर यह फिल्म आज शुक्रवार 24 नवंबर को पर्दे पर रिलीज होने के लिए पूरी तरह थी। मगर अब गौतम वासुदेव मेनन ने फिल्म की रिलीज के लिए फैंस से कुछ और दिन मांगे हैं।
निर्देशक ने ट्वीट कर लिखा, ‘माफ करें। ध्रुव नटचथिरम को आज स्क्रीन पर लाने में असमर्थ हूं। हमने अपनी तरफ से पूरी कोशिश की, लेकिन ऐसा लगता है कि हमें अभी एक या दो दिन और चाहिए। दुनिया भर में एडवांस बुकिंग और उचित स्क्रीन के साथ सभी को एक शानदार अनुभव प्रदान करने की उम्मीद है। फिल्म के लिए दर्शकों का समर्थन उत्साहजनक है और इसने हमें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया है। बस कुछ दिन और, और हम आ जायेंगे।’
बता दें कि गौतम वासुदेव मेनन ने ध्रुव नटचतिरम को एक ऐसी फिल्म बताया है, जिसे वह खुद व्यक्तिगत रूप से सिनेमाघरों में देखना पसंद करेंगे। निर्देशक गौतम वासुदेव के निर्देशन में बनी इस फिल्म की रिलीज का आज दर्शकों को बेसब्री से इंतजार था। मगर फिल्म की रिलीज डेट टल जाने से दर्शकों के उस्ताह पर पानी फिर गया है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved