
नई दिल्ली। टूलकिट केस (Toolkit Case) मामले में दिल्ली की पटियाला हाउस अदालत ने दिशा रवि (Disha Ravi) को 3 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। बता दें कि दिशा की पुलिस हिरासत की अवधि आज खत्म हो रही थी। किसान आंदोलन से जुड़ीं पर्यावरण कार्यकर्ता दिशा पर टूलकिट को कथित तौर पर एडिट करने के गंभीर आरोप लगे हैं। गौरतलब है कि दिशा की गिरफ्तारी पर कांग्रेस समेत कई विपक्षी दलों ने सरकार पर निशाना भी साधा था।
दिशा रवि को तीन कृषि कानूनों से संबंधित किसानों के विरोध प्रदर्शन से जुड़े ‘टूलकिट’ को कथित रूप से संपादित कर उसे सोशल मीडिया पर साझा करने के आरोप में दिल्ली पुलिस के साइबर प्रकोष्ठ की टीम ने 13 फरवरी को बेंगलुरु के सोलादेवनहल्ली इलाके में उसके घर से गिरफ्तार किया था। दिशा रवि बेंगलुरु के एक निजी कॉलेज से बीबीए की डिग्री धारक हैं और वह ‘फ्राइडेज़ फॉर फ्यूचर इंडिया’ नामक संगठन की संस्थापक सदस्य भी हैं।
ग्रेटा थनबर्ग टूलकिट मामले में एक्टिविस्ट दिशा रवि को 5 दिनों के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया था। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने दिशा को बेंगलुरु से गिरफ्तार किया था। इस महीने की 4 तारीख को दिल्ली पुलिस ने टूलकिट को लेकर केस दर्ज किया था। दिल्ली पुलिस ने कोर्ट में दिशा की 7 दिनों की रिमांड मांगी थी। पुलिस ने कहा कि ये खालिस्तानी ग्रुप को दुबारा खड़ा करने और भारत सरकार के खिलाफ एक बड़ी साजिश है।
©2025 Agnibaan , All Rights Reserved