
गिरिडीह। झारखंड (Jharkhand) के गिरिडीह जिले (Giridih district) में दो पक्षों के बीच विवाद होने का मामला सामने आया है। यहां हिंदू और मुस्लिम पक्ष (Hindu and Muslim sides) के लोग मंदिर में तेज आवाज में गाना बजाने को लेकर आपस में भिड़ गए। बताया जा रहा है कि मंदिर में तेज आवाज में गाना बजाया जा रहा था, जिस पर मुस्लिम पक्ष के ऐतराज जताया। इसके बाद से विवाद शुरू हुआ और मामला बिगड़ गया। मिली जानकारी के मुताबिक रामनवमी की तैयारी के लिए भजन-कीर्तन का आयोजन किया जा रहा था। वहीं घटना के बाद से धरीयाडीह इलाके में भारी पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई है।
दरअसल, पूरा मामला गिरिडीह के धरीयाडीह का है। यहां 31 मार्च की रात को दो पक्षों में जमकर मारपीट हुई और पथराव भी हुई। वहीं घटना के बाद इलाके में भारी पुलिस फोर्स तैनात की गई है। पुलिस की टीम दलबल के साथ फ्लैग मार्च कर रही है। वहीं पुलिस की टीम की मौजूदगी के बीच भी पत्थरबाजी की घटना देखने को मिली। इस दौरान पुलिस वाले दौड़ा-दौड़ाकर उपद्रवियों को भगाते रहे। बताया जा रहा है कि ईद के दिन का ये मामला है, जब दो समुदायों के बीच बवाल इतना बढ़ गया। इस पथराव में करीब 6 लोगों को चोटें भी आई हैं।
बताया जा रहा है कि सोमवार की शाम को दो पक्षों के बीच विवाद हुआ। इसके बाद माहौल को खराब करने का प्रयास किया गया। हालांकि घटना की जानकारी के बाद प्रशासन तुरंत ही एक्टिव हो गया। नगर थाना पुलिस के साथ मुफ्फसिल थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और उलझ रहे लोगों को खदेड़ा गया। पुलिस के सख्त रुख के बाद स्थिति सामान्य हुई। घटना की जानकारी मिलते ही डीसी नमन प्रियेश लकड़ा और एसपी डॉ बिमल कुमार ने तुरंत ही सभी अधिकारियों को धरियाडीह पहुंचने का निर्देश दिया।
पुलिस अधिकारियों के यहां पहुंचते ही उपद्रवियों की खोज शुरू कर दी गई। वहीं लोगों से शांति व्यवस्था बरकरार रखने की अपील की गई। दूसरी तरफ जवानों को धरियाडीह के गलियों में गश्त करवाया गया। जबकि आसपास के इलाके में लगे सीसीटीवी को खंगालने का काम भी शुरू किया गया। यहां पर मौजूद अधिकारियों ने बताया कि मामूली बात पर दो पक्ष भिड़े थे। स्थिति को तुरंत ही कंट्रोल में ले लिया गया। फिलहाल स्थिति सामान्य नजर आ रही है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved