
नई दिल्ली। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (US President Donald Trump) ने गाजा (Gaza) संघर्ष को लेकर बड़ा दावा करते हुए कहा है कि उनकी पहल पर बने ‘बोर्ड ऑफ पीस’ (Board of Peace) की मध्यस्थता में हमास और गाजा में सक्रिय अन्य सशस्त्र संगठनों के पूर्ण निरस्त्रीकरण पर एक ऐतिहासिक समझौता हुआ है। ट्रंप के अनुसार, इस समझौते के लागू होने के साथ ही इजरायल (Israel) अपनी सेना को गाजा से चरणबद्ध तरीके से वापस बुलाएगा।
ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर कहा कि जैसे-जैसे हमास और अन्य हथियारबंद समूहों का निरस्त्रीकरण पूरा होगा, इजरायली सेना भी गाजा से पीछे हटती जाएगी। इसके बाद क्षेत्र की सुरक्षा की जिम्मेदारी एक अंतरराष्ट्रीय स्टेबलाइजेशन फोर्स और नई गठित फिलिस्तीनी पुलिस संभालेगी। उनका कहना है कि इस व्यवस्था का उद्देश्य इजरायल की सुरक्षा सुनिश्चित करना और भविष्य में गाजा को आतंकी गतिविधियों का केंद्र बनने से रोकना है।
ट्रंप ने बताया कि समझौते के तहत गाजा में नई फिलिस्तीनी सरकार का गठन किया जाएगा। यह सरकार ‘बोर्ड ऑफ पीस’ के साथ मिलकर प्रशासन, पुनर्निर्माण और सामान्य जनजीवन बहाल करने का कार्य करेगी। उन्होंने इसे अपने 20-सूत्रीय शांति प्रस्ताव का महत्वपूर्ण हिस्सा बताते हुए कहा कि इसका लक्ष्य गाजा संघर्ष का स्थायी समाधान निकालना है।

मिस्र, कतर और तुर्किये की भूमिका अहम
अमेरिकी राष्ट्रपति ने इस समझौते को अंतिम रूप देने में मिस्र, कतर और तुर्किये की मध्यस्थता की सराहना की। हालांकि, इस दावे पर अब तक हमास की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। इस बीच गाजा में हिंसा का सिलसिला जारी है। फिलिस्तीनी स्वास्थ्य अधिकारियों के अनुसार, गुरुवार को इजरायली हवाई हमलों में कम से कम छह लोगों की मौत हुई, जिनमें दो बच्चे भी शामिल हैं।
व्हाइट हाउस ने बताया शांति की दिशा में बड़ा कदम
व्हाइट हाउस ने भी सोशल मीडिया मंच एक्स पर पोस्ट कर इस समझौते को ऐतिहासिक करार दिया। बयान में कहा गया कि गाजा में हमास और अन्य सशस्त्र समूहों के पूर्ण निरस्त्रीकरण पर बनी सहमति क्षेत्र में स्थायी शांति और सुरक्षा स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
Today, the Board of Peace reached a HISTORIC agreement for the COMPLETE DISARMAMENT of Hamas and all other armed groups in Gaza.
A monumental step toward lasting PEACE and SECURITY. pic.twitter.com/RYUKUdrwIJ
— The White House (@WhiteHouse) July 30, 2026
क्या है ‘बोर्ड ऑफ पीस’?
‘बोर्ड ऑफ पीस’ का गठन वर्ष 2026 में गाजा युद्ध के बाद पुनर्निर्माण, प्रशासन और सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी के उद्देश्य से किया गया था। ट्रंप इसके संस्थापक अध्यक्ष हैं। उनका दावा है कि यह समझौता गाजा में नई शासन व्यवस्था स्थापित करने के साथ भविष्य में 7 अक्टूबर जैसे हमलों की पुनरावृत्ति रोकने में भी अहम भूमिका निभाएगा।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved