
नई दिल्ली. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump) ने एक बार फिर ईरान (Iran) को धमकी (threat) दी है। सोशल मीडिया पर लिखे एक पोस्ट में ट्रंप ने कहा, ‘अगर ईरान की सरकार ने अपनी उस धमकी पर अमल किया – जिसमें उसने अमेरिका के मौजूदा राष्ट्रपति (यानी मुझ पर!) जानलेवा हमला करने या हत्या करने की बात कही है, तो ईरान पर 1000 मिसाइलें (1,000 missiles) दागी जाने के लिए तैयार हैं। और इसके तुरंत बाद हजारों और मिसाइलें दागी जाएंगी। इसके लिए आदेश दिए जा चुके हैं और अमेरिकी सेना पूरी तरह तैयार और सक्षम है कि वह एक साल तक ईरान पर हमले जारी रखे और ईरान के हर इलाके को पूरी तरह तबाह और बर्बाद कर दे – अल्लाह आपका भला करें!’
अमेरिका ने ईरान को अल्टीमेटम देते हुए कहा है कि ईरान वाणिज्यिक जहाजों के लिए होर्मुज को खोले और जहाजों पर हमले बंद करे। अमेरिका ने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर ईरान ने ऐसा नहीं किया तो इसका परिणाम अच्छा नहीं होगा। यह चेतावनी ऐसे समय दी गई है, जब अमेरिका और ईरान एक दूसरे पर हवाई हमले कर रहे हैं।
एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि वॉशिंगटन चाहता है कि ईरान एक सार्वजनिक बयान जारी करे कि होर्मुज जलडमरूमध्य सभी जहाजों के लिए खुला है और अब जहाजों पर हमले नहीं होंगे। साथ ही जहाजों पर कोई शुल्क भी नहीं लगाया जाएगा। अमेरिका ने साफ कहा कि अगर ऐसा नहीं किया गया तो ये ईरान के लिए अच्छा नहीं होगा।
ईरान की ‘हिट लिस्ट’ में अमेरिका के राष्ट्रपति ट्रंप!
हाल ही में ट्रंप ने नाटो सम्मेलन के दौरान भी कहा था कि वह ईरान की “हिट लिस्ट” में सबसे ऊपर हैं। उनका दावा था कि अमेरिकी खुफिया एजेंसियों को ऐसी सूचनाएं मिली हैं कि ईरान उनके खिलाफ साजिश रच सकता है। इसी पृष्ठभूमि में उन्होंने अमेरिकी सेना को पहले से ही कड़े जवाबी सैन्य विकल्प तैयार रखने के निर्देश दिए हैं।
इजरायल ने ईरान की खुफिया जानकारी ट्रंप को दी
ट्रंप का यह बयान ऐसे समय सामने आया है जब इजरायल की तरफ से भी अमेरिका को ईरान की कथित साजिशों से जुड़ी खुफिया जानकारी साझा किए जाने की खबरें सामने आई हैं। हालांकि, इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन वॉशिंगटन और तेहरान के बीच बयानबाजी लगातार तेज होती जा रही है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved