
इंदौर। शहर में कल शाम बिगड़े मौसम का असर हवाई यातायात पर भी नजर आया। शाम को इतनी तेज आंधी चली कि गोवा से आए विमान को उतरने की अनुमति तक नहीं मिल पाई। काफी समय हवा में चक्कर काटने के बाद विमान को डायवर्ट कर अहमदाबाद ले जाया गया, जहां से साढ़े तीन घंटे बाद विमान वापस इंदौर आया। इस दौरान 166 यात्री विमान में ही परेशान होते रहे।
विमानतल से मिली जानकारी के मुताबिक इंडिगो एयरलाइंस का विमान (6ई-813) शाम 4.30 बजे गोवा से इंदौर आकर 5 बजे रायपुर जाता है। कल यह विमान तय समय पर इंदौर पहुंचा, लेकिन तब यहां इतनी तेज आंधी चल रही थी कि विमान को उतरने की अनुमति नहीं मिल पाई। इसके बाद काफी देर तक विमान हवा में ही चक्कर लगाता रहा। इस दौरान भी मौसम साफ न होने पर आखिर इसे डायवर्ट कर अहमदाबाद ले जाया गया।
विमान में 166 यात्री सवार थे। अहमदाबाद पहुंचने पर यात्रियों को विमान में ही बैठाए रखा गया। इसके बाद मौसम साफ होने पर विमान को इंदौर आने की अनुमति दी गई। इस पर विमान रात 8 बजे अहमदाबाद से इंदौर पहुंचा। इंदौर में उतरकर यात्रियों ने राहत की सांस ली। इसके बाद रात 8.55 बजे विमान इंदौर से यात्रियों को लेकर रायपुर के लिए रवाना हुआ।
©2025 Agnibaan , All Rights Reserved