
नई दिल्ली: दुबई में ऐसे-ऐसे भिखारियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है, जो लग्जरी कार से भीख मांगने आते हैं और कुछ ही घंटों में 40-50 हजार रुपये कमाकर निकल जाते हैं. वहां की पुलिस के मुताबिक, इन भिखारी गैंग में मेंबर्स की बाकायदा भर्ती होती है. विदेशों से विजिट वीजा पर दूसरे देशों से लोग आकर ऐसे गैंग के लिए काम करते हैं. खासकर रमजान के महीने में ऐसे भिखारी गैंग दुबई और शारजाह जैसे शहरों में ज्यादा एक्टिव हो जाते हैं.
खलिज टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, दुबई पुलिस ने दो दिन पहले भीख मांगने वाले एक ऐसे ही गैंग के सरगना सहित उसके 13 लोगों को गिरफ्तार किया है.दुबई के आपराधिक जांच विभाग के निदेशक ब्रिगेडियर अली सलेम अल शम्सी ने कहा कि ये गिरफ्तारियां ‘भीख मांगने के खिलाफ लड़ाई’ अभियान के तहत की गई हैं.
भीख मांगकर खरीद ली तीन लग्जरी कारें
उन्होंने बताया कि एक ऐसे भिखारी को भी दुबई पुलिस ने पकड़ा है जिसके पास तीन लग्जरी कारें थीं. उसने लोगों से मदद मांगकर बड़ी रकम जमा कर ली थी. अधिकारी के अनुसार, वह व्यक्ति शिफ्ट में भीख मांगने का काम करता था. अपनी शिफ्ट खत्म करने के बाद वह अपना वेश बदलता और एक महंगी गाड़ी में घूमने निकल जाता था.
एक के पास 15 लाख मिला था कैश
पुलिस ने इनसे पहले भी ऐसे कुछ भिखारियों को गिरफ्तार किया है, जिनके पास से काफी ज्यादा कैश मिला था. कुछ दिनों पहले दुबई के एक पार्किंग एरिया से एक भिखारी को अरेस्ट किया गया था. जब उसे पकड़ा गया तो उसके पास 20 हजार दिरहम यानी करीबन 15 लाख भारतीय रुपये थे, जो उसने सिर्फ दो-तीन दिनों में भीख मांगकर कमाए थे. वह ट्रैफिक सिग्नल पर लग्जरी कार मालिकों और वाहन चालकों को निशाना बना रहा था और दावा कर रहा था कि उसे खाने के लिए पैसों की जरूरत है
रमजान शुरू होने के साथ देश भर में इस तरह की घटनाएं सामने आई है. इससे पहले, रस अल खैमाह पुलिस ने रमजान के दौरान 19 भिखारियों की गिरफ्तारी की थी. इनमें से एक भिखारी के पास से 11,000 दिरहम यानी 8 लाख रुपये बरामद हुए थे. ये कमाई भी सिर्फ दो-तीन दिनों की थी.
एक दिन में 3 लाख तक कमा लेते हैं ये भिखारी
इसी तरह पिछले साल शारजाह पुलिस ने एक भिखारी को गिरफ्तार किया है जिसने महज तीन दिनों में 14,000 दिरहम यानी 10 लाख रुपये से ज्यादा जमा कर लिए थे. उसे एक मस्जिद के पास भीख मांगते हुए पकड़ा गया था. वह आर्थिक तंगी का बहाना बनाकर लोगों से भीख मांगता था. जांच में पता चला कि वह देश में अवैध रूप से रह रहा था और उसने सिर्फ तीन दिनों में भीख मांगकर 14,000 दिरहम जमा कर लिए थे.
इसी तरह दुबई पुलिस ने पिछले साल रमजान के महीने में फेसबुक पर वीडियो पोस्ट कर एक व्यक्ति को सड़क पर भीख मांगते हुए दिखाया था. लोग उसे पैसे देने के लिए खुद उसके पास आ रहे हैं. पुलिस ने जो चौंकाने वाली बात बताई वो ये कि उसने केवल एक घंटे में 367 दिरहम यानी 27 हजार रुपये इकट्ठा कर लिए थे.
रमजान के महीने में ज्यादा सक्रिय रहता है गैंग
यूएई की पुलिस लोगों के बीच इस बात को लेकर अवयरनेस फैला रही है कि कैसे सड़क पर भीख मांगने वाले लोग वास्तविक रूप से जरूरतमंद न होते हुए भी लोगों से पैसे मांगकर मोटी रकम कमा सकते हैं. खासकर रमजान के पवित्र महीने के दौरान ऐसे लोगों की तादाद काफी ज्यादा बढ़ जाती है. जबकि, यूएई में भीख मांगना अपराध है और इसके लिए 50 हजार दिरहम का जुर्माना लगाया जाता है.
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved