ब्‍लॉगर

मोदी सरकार के आठ साल, देश-दुनिया के लिए बेमिसाल

– मृत्युंजय दीक्षित

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सरकार के आठ साल देश-दुनिया के लिए बेमिसाल हैं। 2014 के लोकसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की अभूतपूर्व विजय और नरेन्द्र मोदी के प्रधानमंत्री के रूप में शपथ ग्रहण के साथ ही भारत तमाम समस्याओं और चुनौतियां के बावजूद तेजी से बदलाव की ओर अग्रसर हो रहा है। प्रधानमंत्री की कार्यशैली और आमजन से जुड़ने की कला ने देशवासियों का दिल जीत लिया है। वह प्रत्येक संबोधन में देश की हर-छोटी बड़ी सफलता का श्रेय 130 करोड़ भारतीयों को देते हैं। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में आज जीवन का कोई भी क्षेत्र ऐसा नहीं है जहां विकास की गति को बल न मिला हो। कोरोना कालखंड हो या फिर यूक्रेन संकट या फिर अफगानिस्तान में तालिबान की वापसी पर हर जगह भारत की विदेश नीति की कुशल छाप दुनिया में देखी जा रही है।

प्रधानमंत्री और उनकी सरकार का हर छोटा निर्णय देश के गरीबों, किसानों और युवाओं को समर्पित है। सभी वर्गों के कल्याण के लिए योजनाएं बन रही हैं। प्रधानमंत्री ने 15 अगस्त को लाल किले से स्वच्छता अभियान चलाने का फैसला लिया था। उस समय विरोधी दलोंने उनका मजाक उड़ाया था। लेकिन आज उनके स्च्छता अभियान का मतलब पूरा भारत जान चुका है। स्च्छता अभियान के माध्यम से वह देश को दीमक की तरह चाट रही भ्रष्टाचार की बुराई का भी अंत कर रहे हैं। वह परिवारवाद, जातिवाद, क्षेत्रवाद और भाषावाद जैसी बुराइयों से भी लड़ाई लड रहे हैं।

प्रधानंमत्री देश की आंतरिक और वाह्य सुरक्षा के प्रति सजग हैं और वह आतंक के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रहे हैं। रक्षा से लेकर अंतरिक्ष तक भारत का झंडा ऊंचा हो रहा है। खेलों की दुनिया में भी भारत का नाम चमक रहा है। मोदी के नेतृत्व में आज योग पूरी दुनिया में छा गया है। उन्हीं के प्रयासों का परिणाम है कि 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया जाने लगा है। केंद्र सरकार की नीतियों के कारण महिलाओं के जीवन में बड़ा परिवर्तन आया है । स्वच्च्छता अभियान से लेकर हर घर शौचालय और उज्ज्वला योजना के कारण नारी सशक्तीकरण का नया दौर प्रारंभ हुआ है। यह उन्हीं के प्रयासों का प्रतिफल है कि आज देश की मुस्लिम महिलाएं तीन तलाक की कुप्रथा से आजाद हुई हैं । आठ साल के कार्यकाल की समीक्षा करें तो स्पष्ट हो जाता है कि हर कदम राष्ट्र निर्माण की दिशा में बढ़ाया गया है। छह लाख गांव खुले में शौच से मुक्त हो चुके हैं। 2.6 करोड़ घरों को बिजली कनेक्शन मिल चुका है। हर घर को नल से जल उपलब्ध कराया जा रहा है। देश के इतिहास में पहली बार 45 करोड़ से अधिक लोगों के जन धन खाते खोले जा चुके हैं। मुद्रा योजना भी महिलाओं के जीवन को मजबूत कर रही है।

मोदी सरकार के कार्यकाल में भारतीय संस्कृति के संरक्षण और संवर्धन के लिए काम हो रहे हैं। अयोध्या में रामलला के भव्य मंदिर निर्माण से देश गदगद है। भव्य और दिव्य काशी से लोग खुश हैं। महाभारत सर्किट, रामायण सर्किट, केदारनाथ धाम और गुजरात के सोमनाथ मंदिर के विकास से धार्मिक पर्यटन को नए पंख लगे हैं। गुजरात में सरदार वल्लभ भाई पटेल की सबसे ऊंची प्रतिमा की स्थापना से लौह पुरुष के विचारपुंज जनमानस को मथ रहे हैं। डॉ. अम्बेडकर से जुड़े पांच तीर्थस्थलों को विकसित करने का ऐलान ऐतिहासिक है। संविधान दिवस, सामाजिक समसरसता दिवस , राष्ट्रीय एकता दिवस, जनजतीय गौरव दिवस मनाने की शुरुआत ऐतिहासिक है। दिल्ली में राष्ट्रीय रक्षा स्मारक और प्रधानमंत्री संग्रहालय जैसी महत्वपूर्ण धरोहरों का विकास हो रहा है । प्रधानमंत्री की नीतियों से आज भारत का समग्र विकास हो रहा है। कोरोना कालखंड के बावजूद आज पूरी दुनिया भारत में निवेश के लिए लालायित है। आज भारत लोकल से ग्लोबल बनने की ओर अग्रसर है । दुनिया भारतीय उत्पादों की गुणवत्ता को पहचान रही है।

(लेखक, स्वतंत्र टिप्पणीकार हैं।)

Share:

Next Post

गुरुवार का राशिफल

Thu Jun 2 , 2022
युगाब्ध-5124, विक्रम संवत 2079, राष्ट्रीय शक संवत-1944 सूर्योदय 05.28, सूर्यास्त 06.48, ऋतु – ग्रीष्म ज्येष्ठ शुक्ल पक्ष तृतीया, गुरुवार, 02 जून 2022 का दिन आपके लिए कैसा रहेगा। आज आपके जीवन में क्या-क्या परिवर्तन हो सकता है, आज आपके सितारे क्या कहते हैं, यह जानने के लिए पढ़ें आज का भविष्यफल। मेष राशि :- आज […]