मुंबई (Mumbai)। महाराष्ट्र (MH) की राजनीति में एक बार फिर उलटफेर होने के दावे किए जा रहे हैं। यह कोई और नहीं बल्कि उद्धव ठाकरे (Uddhav Thackeray) कर रहे हें। शिवसेना (UBT) ने बड़ा दावा किया है कि महाराष्ट्र में जल्द ही बड़ा खेला होने वाला है। राज्य के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे (Chief Minister Eknath Shinde) जल्द ही सीएम पद से हटने वाले हैं। ठाकरे की शिवसेना ने पार्टी के मुखपत्र ‘सामना’ के संपादकीय के जरिए कहा है कि शिंदे गुट जहां कुर्सी बचाने में लगा हुआ है, वहीं उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस का खेमा उनसे मीठी-मीठी बातें कर रहा है और उनके पीठ पीछे अलग ही खेल, खेल रहा है।
संजय राउत के बाद उद्धव ठाकरे ने भी कहा कि जल्द ही एकनाथ शिंदे सीएम की कुर्सी से हटने वाले हैं, हालांकि इस बात को लेकर कई तरह की अफवाहें राजनीतिक गलियारों में हैं कि आगे मुख्यमंत्री कौन बनेगा। इसी बीच एकनाथ शिंदे कुछ दिन की छुट्टियों पर सतारा जिले में अपने पैतृक गांव चले गए हैं। वहीं उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस भी कोई कैबिनेट बैठक नहीं करेंगे। वह कर्नाटक चुनाव में व्यस्त रहेंगे। इसके अलावा एक आधिकारीक दौरे पर उन्हें मॉरिशस भी जाना है। जबकि मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री दोनों ही कुछ दिनों तक राजधानी में नहीं रहेंगे तो मंत्रियों ने भी अपने क्षेत्र में ही रहने का फैसला किया है।
भाजपा विधायक और राज्य में राजस्व मंत्री राधाकृष्ण विखे पाटिल ने कहा था कि महाराष्ट्र के लोग देवेंद्र फडणवीस को मुख्यमंत्री के तौर पर देखते हैं। वहीं संजय राउत ने हमला करते हुए कहा, मुख्यमंत्री को छुट्टी पर भेज दिया गया है और उनकी छुट्टी बढ़ाई भी जा सकती है। उन्होंने कहा, जो मुख्यमंत्री खुद को गरीबों का मसीहा कहता है वही हेलिकॉप्टर से छुट्टियां बिताने गया है। वहीं शिवसेना के प्रवक्ता नरेश महास्के ने कहा है कि मुख्यमंत्री छुट्टी पर नहीं गए हैं बल्कि सतारा में आधिकारिक दौरे पर गए हैं।
संजय राउत ने शनिवार को दावा किया था कि राज्य में एकनाथ शिंदे की सरकार का डेथ वॉरंट जारी हो गया है और अगले 15-20 दिन में यह सरकार गिर जाएगी। इसके बाद उद्धव ठाकरे के हवाले से सामना में भी करारा हमला किया गया और मुख्यमंत्री बदलने की बात कही गई। वहीं महाराष्ट्र में ये भी कयास लगाए जा रहे थे कि एनसीपी में अजित पवार फूट डाल सकते हैं। हालांकि उन्होंने कहा कि वह हमेशा एनसीपी में ही रहेंगे। एक इंटरव्यू में अजित पवार ने यह भी कहा था कि वह शत प्रतिशत महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री बनना पसंद करेंगे।
अब तक की जानकारी के मुताबिक शिंदे बुधवार की रात तक मुंबई लौट आएंगे बता दें कि बारसू और सोलगांव में इन दिनों ऑइल रिफाइनरी प्रोजेक्ट के विरोध में लोग प्रदर्शन कर रहे हैं। इस समय जब एकनाथ शिंदे के अपने गांव जाने पर विरोधी तंज कस रहे हैं। उनका कहना है कि राज्य की जनता परेशान है और मुख्यमंत्री घूमने फिरने में समय बिता रहे हैं।
©2025 Agnibaan , All Rights Reserved