img-fluid

आज शाम 6 बजे थमेगा चुनावी शोर, उसके पहले मुख्य बाजारों में मोहन का रोड शो

May 11, 2024

  • विशेष रथ पर सवार मुख्यमंत्री शहर के प्रमुख बाजारों से गुजरेंगे, भाजपा उम्मीदवार के पक्ष में बनाएंगे माहौल, हालांकि जाम भी लगेगा

इंदौर। आज शाम 6 बजे इंदौर सहित चौथे चरण के लिए होने वाले मतदान का शोर-शराबा थम जाएगा। इंदौर में भाजपा प्रत्याशी शंकर लालवानी के पक्ष में माहौल बनाने के लिए आज मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का रोड शो भी दोपहर 1 बजे बाद आयोजित किया गया है। विशेष रथ पर मुख्यमंत्री के साथ भाजपा उम्मीदवार, मंत्री, शहर अध्यक्ष सहित अन्य पदाधिकारी, विधायक मौजूद रहेंगे। यह रोड शो नृसिंह बाजार से शुरू होकर सीतला बाजार मंदिर पर समाप्त होगा। रोड शो के लिए भाजपाइयों ने मध्य क्षेत्र के बाजारों को भगवामय कर दिया है। जगह-जगह मंच भी बनाए हैं, जिसके जरिए मुख्यमंत्री का स्वागत किया जाएगा।

कल कांग्रेसियों ने भी पैदल मार्च जंजीरवाला चौराहा से मधु मिलन चौराहा होते हुए गीता भवन, अम्बेडकर प्रतिमा तक निकाला, उसके चलते भी जाम की स्थिति रही, तो आज दोपहर को भी शहर के मध्य क्षेत्र में यातायात जाम ही रहेगा। लिहाजा आम जनता से अपील भी की गई कि वे जवाहर मार्ग, यशवंत रोड चौराहा, राजमोहल्ला, एमजी रोड, बड़ा गणपति व उससे जुड़े मार्गों पर ना निकलें। हालांकि भीषण गर्मी के चलते दोपहर में वैसे भी इन मार्गों पर अधिक यातायात नहीं रहता। बावजूद इसके जाम तो फिर भी लगेगा ही। इंदौर लोकसभा का चुनाव वैसे भी अत्यंत नीरस हो गया और नोटा को लेकर हल्ला मचा है। भाजपा अपने प्रत्याशी के अलावा मतदाताओं तक पहुंचने की बजाय नोटा के पीछे पड़ गई। अब आज शाम चुनाव प्रचार 6 बजे से समाप्त होगा। उसके पहले मुख्यमंत्री का रोड शो शहर में होगा।


शहर भाजपा अध्यक्ष गौरव रणदिवे के मुताबिक मुख्यमंत्री के इस रोड शो की सभी तैयारियां पूरी हो गई है और विशेष रथ पर मुख्यमंत्री सवार होंगे। दोपहर 2 बजे यह रोड शो नृसिंह मंदिर से शुरू होकर मारोठिया, सराफा, लोधीपुरा, इतवारिया बाजार, बर्तन बाजार, पीपली बाजार, शकर बाजार, सीतला माता बाजार होते हुए मंदिर पर ही समाप्त होगा और यहीं पर मुख्यमंत्री शाम 6 बजे से पहले सभा को संबोधित करेंगे। पूरे मार्ग को पोस्टर, बैनर, झंडों से सजाया गया है और सभी व्यापारिक प्रतिष्ठानों पर भी भगवा झंडे लगाए गए हैं।

Share:

  • शहर में आधा-अधूरा ही लागू हो पाएगा पटवारी का फार्मूला

    Sat May 11 , 2024
    इंदौर का मतदान मतदाता भरोसे… इंदौर। उम्मीदवार मैदान में न होने के बावजूद इंदौर संसदीय क्षेत्र के हर पोलिंग बूथ पर कांग्रेस का पोलिंग एजेंट बैठाने और बूथ के बाहर कांग्रेस की टेबल लगने के मामले में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी का फार्मूला उनके ही गृहनगर में दम पकड़ता नजर नहीं आ रहा है। […]
    सम्बंधित ख़बरें
    लेटेस्ट
    खरी-खरी
    का राशिफल
    जीवनशैली
    मनोरंजन
    अभी-अभी
  • Archives

  • ©2025 Agnibaan , All Rights Reserved