
जबलपुर। शहर के सबसे व्यस्त और महत्वपूर्ण मार्गों में शामिल नया मोहल्ला रोड इन दिनों नगर निगम के निर्माण और खुदाई कार्यों के कारण आम नागरिकों के लिए परेशानी का सबब बन गया है। एक ओर सड़क पर पेवर ब्लॉक्स लगाने का काम चल रहा है, वहीं दूसरी ओर अव्यवस्थित निर्माण कार्य और अधूरी मरम्मत ने यातायात व्यवस्था को प्रभावित कर दिया है।
स्थानीय नागरिकों के अनुसार पिछले वर्ष जल विभाग द्वारा सड़क पर पाइप लाइन एवं अन्य कार्यों के लिए गड्ढा खोदा गया था, लेकिन एक वर्ष बीत जाने के बाद भी उसकी समुचित मरम्मत नहीं की गई। सड़क पर बना यह गड्ढा आज भी लोगों के लिए खतरा बना हुआ है। अब उसी क्षेत्र में नगर निगम द्वारा दोबारा खुदाई कर पेवर ब्लॉक्स लगाने का काम शुरू कर दिया गया है।
अच्छी-भली सड़क थी…
क्षेत्रीय नागरिकों का कहना है कि जब सड़क पहले से बनी हुई थी और किसी बड़े नुकसान की स्थिति नहीं थी, तो आखिर दोबारा खुदाई की आवश्यकता क्या थी यदि निर्माण कार्य जरूरी था तो उसे निर्धारित समय-सीमा में पूरा क्यों नहीं किया जा रहा है। लोगों का आरोप है कि शहर में विकास कार्यों के नाम पर बार-बार सड़कों की खुदाई की जाती है, लेकिन मरम्मत और गुणवत्ता पर ध्यान नहीं दिया जाता। परिणामस्वरूप नागरिकों को धूल, गड्ढों, जाम और दुर्घटना के खतरे का सामना करना पड़ता है।
स्मार्ट सिटी के खोखले दावों पर उठ रहे गंभीर सवाल
नया मोहल्ला रोड की स्थिति को लेकर लोगों ने स्मार्ट सिटी परियोजना पर भी सवाल खड़े किए हैं। उनका कहना है कि यदि प्रमुख मार्गों पर ही अव्यवस्थित खुदाई, अधूरे निर्माण कार्य और खराब यातायात व्यवस्था देखने को मिल रही है, तो फिर स्मार्ट सिटी के दावे कितने सार्थक हैं? स्थानीय नागरिकों ने नगर निगम और संबंधित विभागों से मांग की है कि निर्माण कार्य को जल्द पूरा किया जाए, सड़क पर पड़े मलबे और पुराने पेवर ब्लॉक्स को तत्काल हटाया जाए तथा लंबे समय से अधूरी पड़ी मरम्मत को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए ताकि लोगों को राहत मिल सके।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved