
भोपाल। मध्यप्रदेश सरकार किसानों की आय बढ़ाने के लिए खेती के साथ पशुपालन, दुग्ध उत्पादन और मत्स्य पालन को बढ़ावा देने की तैयारी में है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि खेती की आय बढ़ाने के साथ किसानों के लिए सहायक आय के स्रोत तैयार करना सरकार का लक्ष्य है। उन्होंने बताया कि अगले सीजन से किसानों को खेती के लिए दिन में 10 घंटे बिजली उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जा रही है। मुख्यमंत्री रविवार को राजगढ़ में आयोजित बलराम कृषि महोत्सव को भोपाल से वर्चुअली संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि किसान कल्याण वर्ष के तहत 16 विभागों के समन्वय से किसानों के लिए अलग-अलग गतिविधियां संचालित की जा रही हैं।
सांची ब्रांड का दूध उत्पादन बढ़ेगा
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में सांची ब्रांड के आधार पर दुग्ध उत्पादन को 12 प्रतिशत से बढ़ाकर 20 प्रतिशत करने का लक्ष्य रखा गया है। सरकार खेती के साथ पशुपालन और मत्स्य पालन को जोड़कर किसान परिवारों की आय बढ़ाना चाहती है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में करीब 65 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई सुविधा का विस्तार किया गया है। गेहूं उत्पादक किसानों से 104 लाख मीट्रिक टन गेहूं एमएसपी पर खरीदा गया है। सोयाबीन किसानों को भावांतर योजना और किसानों को सम्मान निधि का लाभ दिया जा रहा है।
कवच योजना से दोबारा ऋण का रास्ता खुला
मुख्यमंत्री ने कहा कि कवच योजना से किसानों को दोबारा बैंक और फसल ऋण लेने में मदद मिलेगी। इससे उनकी बैंकिंग व्यवस्था से जुड़ने की राह आसान होगी। उन्होंने अधिकारियों से किसान कल्याण की योजनाओं का लाभ हर पात्र व्यक्ति तक पहुंचाने को कहा। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में करीब 80 हजार पदों पर भर्ती प्रक्रिया चल रही है। इसमें करीब 10 हजार शिक्षक पद भी शामिल हैं। पुलिस भर्ती बड़े स्तर पर की गई है और सभी जिलों में पुलिस बैंड की व्यवस्था की जा रही है।
लाडली बहनों की राशि जल्द आएगी
मुख्यमंत्री ने कहा कि लाड़ली बहना योजना की राशि जल्द ही महिलाओं के खातों में जारी की जाएगी। मुख्यमंत्री ने जनविश्वास अभियान के तहत अधिकारियों-कर्मचारियों को हर शुक्रवार जनता के बीच जाकर काम करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शुक्रवार को बैठकें नहीं होंगी। अधिकारी फील्ड में जाकर लोगों की समस्याएं सुनेंगे और उनका समाधान करेंगे। उन्होंने स्वतंत्रता दिवस, रक्षाबंधन, जन्माष्टमी और हलधर जयंती की शुभकामनाएं देते हुए लोगों से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में भाग लेने और गरीब-वंचित परिवारों के साथ त्योहारों की खुशियां साझा करने की अपील की।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved