
बांदा: उत्तर प्रदेश के बांदा जिले से सनसनीखेज घटना सामने आई है. बदौसा थाना परिसर में प्रेम विवाह से नाराज एक पिता ने अपनी ही बेटी पर पुलिसकर्मियों के सामने धारदार हथियार से हमला कर दिया. गंभीर रूप से घायल युवती को अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.
बदौसा थाना क्षेत्र के बरछा गांव की रहने वाली 19 वर्षीय शिवानी 18 मई की रात अपने प्रेमी ललित के साथ घर छोड़कर चली गई थी. इसके बाद युवती की मां ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराते हुए युवक पर बेटी को बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप लगाया था. पुलिस मामले की जांच कर रही थी.
बताया जा रहा है कि घर से जाने के बाद शिवानी और ललित ने मंदिर में प्रेम विवाह कर लिया था. शुक्रवार को पुलिस ने दोनों को मध्य प्रदेश के सतना जिले के बरौंधा क्षेत्र से बरामद किया और पूछताछ के लिए बदौसा थाने लेकर आई. पुलिस ने मामले की जानकारी दोनों पक्षों को भी दे दी थी, जिसके बाद परिवार के सदस्य थाने पहुंचे.
थाने में पूछताछ के दौरान जब शिवानी ने अपने पति ललित के साथ रहने की इच्छा जताई और प्रेम विवाह की बात दोहराई, तो उसके पिता सत्यकुमार कथित रूप से अपना आपा खो बैठा. आरोप है कि थाने परिसर के भीतर ही धारदार चाकू से बेटी पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवती पर कई बार वार किए गए. यह भी आरोप लगाया गया है कि घटना के दौरान युवती की मां ने उसे पकड़ रखा था, जिससे वह खुद को बचा नहीं सकी.
घटना के बाद थाना परिसर में अफरा-तफरी मच गई. पुलिसकर्मियों ने तत्काल घायल शिवानी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया. वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत गंभीर होने पर उसे रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज, बांदा रेफर कर दिया गया. डॉक्टरों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.
इस घटना के बाद पुलिस ने आरोपी पिता को मौके से गिरफ्तार कर लिया. मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है. बांदा के पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है. उन्होंने कहा कि पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की, लेकिन दुर्भाग्यवश युवती की जान नहीं बचाई जा सकी.
थाने के भीतर हुई इस वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस की सतर्कता को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. पूरे मामले की जांच की जा रही है और पुलिस का कहना है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी.
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved