
इंदौर। इंदौर में वीर सावरकर नगर स्थित माया भवन मल्टी के नीचे एक हार्डवेयर दुकान में शनिवार को अचानक आग लग गई। आग लगते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई और मल्टी में रहने वाले लोग तुरंत नीचे उतर आए। स्थानीय लोगों ने शुरुआती स्तर पर आग बुझाने की कोशिश करते हुए केनों से पानी डालना शुरू किया। इसी दौरान क्षेत्रीय पार्षद भी मौके पर पहुंचे और पानी का टैंकर बुलाया गया।
घटना की सूचना मिलने पर इंदौर फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकलकर्मियों ने करीब 20 हजार लीटर पानी डालकर आग पर काबू पाया। फायर ब्रिगेड अधिकारियों के मुताबिक आग हार्डवेयर दुकान में लगी थी। समय रहते आग पर नियंत्रण पा लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।
अचानक लगी आग, लोगों ने डाला पानी
मल्टी में रहने वाले सुभाष चौधरी ने बताया कि जैसे ही दुकान में आग लगने की जानकारी मिली, तो बिल्डिंग में रहने वाले लोग रोड पर उतर आए। इस दौरान धुएं का गुब्बार ऊपरी मंजिल तक पहुंच गया था। इधर, आग लगते ही आसपास के लोगों ने केनों से पानी डालकर आग पर काबू पाने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। चौधरी ने बताया कि मल्टी में 5 से 6 फ्लैट है, यहां के सभी लोग वक्त रहते नीचे आ गए थे।
पार्षद भी मौके पर पहुंचे, टैंकर भी बुलवाया
सूचना मिलने पर क्षेत्रीय पार्षद प्रशांत बडवे भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने तुरंत यहां पर पानी का टैंकर भी बुलवा लिया। हालांकि लोग पानी डालकर आग बुझाने की कोशिश कर रहे थे। इस दौरान सूचना पर फायर ब्रिगेड की गाड़ियां भी मौके पर पहुंच गईं और दमकलकर्मियों ने आग पर काबू पाने की कवायद शुरू कर दी थी। इधर, पार्षद ने फ्लैटों में लोग तो नहीं हैं ये चेक किया।
आग में हुआ हाईवेयर की दुकान में नुकसान
बताया जा रहा है कि आग शुभम इंटरप्राइजेंस में लगी थी। ये दुकान जी प्लस श्री बिल्डिंग में नीचे बनी है, जो किराए से है। फायर ब्रिगेड के मुताबिक हार्डवेयर की दुकान शिवम त्यागी के नाम से है। आग के कारण दुकान में पीवीसी फिटिंग का सामान, पेंट-थिनर, हार्डवेयर का सामान और फर्नीचर जला है। वहीं आग की लपटों के कारण ऊपरी मंजिल पर माया पति सुभाष के फ्लैट में पर्दे, पलंग और एलईडी टीवी जला है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved