
इन्दौर। शहर में पहले ही कई क्षेत्रों में पानी नहीं मिलने को लेकर चक्काजाम से लेकर रहवासियों द्वारा पानी की टंकी पर विरोध प्रदर्शन किए जा रहे हैं। इसी बीच कल रात बड़वाह में फाल्ट होने के चलते तीसरे चरण की लाइनों का पानी सप्लाय प्रभावित हुआ, जिसके चलते आज 9 टंकियां पूरी तरह खाली रहीं और दो टंकियां आध-अधूरी ही भर पाईं। इसके चलते कई क्षेत्रों में लोग पीने के पानी के लिए परेशान होते रहे।

नगर निगम अधिकारियों के मुताबिक कल रात बड़वाह में बिजली की लाइनों में फाल्ट होने के चलते जलूद में विद्युत आपूर्ति प्रभावित हुई और तीसरे चरण के पंप रात 3 बजे पूरी तरह बंद करना पड़े, जिसके कारण इन्दौर में पानी सप्लाय प्रभावित हुआ और तीसरे चरण के कारण वैशाली नगर, नानक नगर, प्रगति नगर, शिवनगर,, सीपी शेखर नगर, यशवंत क्लब और अन्य टंकियां पूरी तरह खाली रहीं। अधिकारियों का कहना है कि उक्त क्षेत्रों में दोपहर में डायरेक्ट पानी सप्लाय करने के साथ-साथ पानी के टैंकर भेजे जाएंगे, ताकि लोगों को पानी के लिए परेशान ना होना पड़े। आज सुबह से ही 9 टंकियों से पानी सप्लाय नहीं होने के कारण दर्जनों कालोनियों में पानी के लिए लोग यहां-वहां भटकते रहे। इसके अलावा स्नेहनगर और मां विहार कालोनी की टंकियां भी आधी-अधूरी ही भर पाईं, जिसके कारण उक्त टंकी के क्षेत्रों में भी परेशानी हुई। पिछले कुछ दिनों से पानी को लेकर शहरभर में हंगामा मचा हुआ है। कल भी गौरीनगर में पानी को लेकर चक्काजाम किया गया।
दो वार्डों में चल रहा वाल्व का विवाद नहीं सुलझा, आज सुबह फिर परेशानी
नेहरू नगर, लाला का बगीचा, रूस्तम का बगीचा, विकासनगर और उसके आसपास के कई क्षेत्रों में पानी को लेकर कल भी नेहरूनगर क्षेत्र में खूब हंगामा हुआ था। रहवासियों के साथ दो पार्षद सोनाली मिमरोट और लालबहादुर वर्मा भी मैदान में आ गए थे और उनके बीच वाल्व को लेकर विवाद हुए और अफसरों ने समझाइश देकर उन्हें रवाना कर दिया था, लेकिन पार्षद लालबहादुर वर्मा का कहना है कि आज सुबह फिर क्षेत्र में टंकी पूरी तरह नहीं भरने के कारण उनके कई क्षेत्रों में पानी के लिए लोग परेशान होते रहे। उन्हें पांच टैंकर मिले हैं, लेकिन हाईड्रेंट बंद पड़े हैं। ऐसे में उन्होंने निगमायुक्त से पूछा कि हाईड्रेंटों में पानी कहां से भरवाएं।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved