
दरभंगा। बिहार के दरभंगा जिले और उसके आस-पास के ग्रामीण इलाकों में इन दिनों ‘बाल कतरवा’ गैंग का खौफ बढ़ता जा रहा है। स्थानीय महिलाओं के बीच दहशत का माहौल है। चर्चा है कि रात के अंधेरे में या जब महिलाएं सो रही होती हैं, तब कोई चुपके से आता है और उनके बाल काटकर भाग जाता जाता है।
ताजा मामला दरभंगा के बहादुरपुर थाना क्षेत्र के डरहार गांव का है जहां महज 8 दिन के भीतर अपराधियों ने दूसरी बार एक जैसी वारदात को अंजाम दिया। इस बार शिक्षक दंपति सुमन कुमार चौधरी के घर में घुसे बदमाशों ने लूट की घटना को अंजाम दिया। इसके साथ ही वहां सो रही बच्ची के बाल भी काट दिए। इस घटना के बाद से पूरे गांव में दहशत फैल गई है। सूचना मिलते ही पुलिस एफएसएल और टेक्निकल सेल की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की है। दोनों वारदातों में कई चौंकाने वाली समानताएं सामने आई हैं। दोनों घटनाएं गुरुवार की रात ही हुई है। दोनों घटनाएं एक ही गांव और आसपास के इलाके में हुईं। दोनों में डकैती की गई और दोनों में लड़कियों के बाल काटे गए।
गौरतलब है कि 8 दिन पहले इसी गांव में डॉ. पवन कुमार मिश्रा के घर डकैती के दौरान बदमाशों ने उनकी बहू को नशीला इंजेक्शन देकर उसके भी बाल काट दिए थे और लाखों के जेवर लूट लिए थे। लगातार दो घटनाओं में बाल काटने का एक जैसा मामला सामने आने से ग्रामीणों में डर का माहौल है। अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या दोनों वारदातों के पीछे एक ही गिरोह है और बाल काटने के पीछे आखिर अपराधियों की मंशा क्या है?
वहीं घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि कुछ बदमाशों ने घर पर लूट की घटना को अंजाम दिया और वहां सो रही एक नाबालिग बच्ची का बाल काट कर फरार हो गए। इस घटना की सूचना जैसे ही हमें मिली, पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि सारे साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं ताकि जल्द से जल्द अपराधियों को पकड़ा जा सके।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved