
जींद: हरियाणा के जींद जिले से एक दर्दनाक हादसा सामने आया है. यहां रंग-गुलाल बनाने वाली फैक्ट्री में आग लगने से चार महिलाओं की मौत हो गई है, जबकि 20 मजदूर बुरी तरह झुलस गए हैं. सभी को आनन-फानन में अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है. इस घटना से इलाके में गम का माहौल है. मृतकों के परिजन का रो-रोकर बुरा हाल है. फिलहाल, फैक्ट्री में आग कैसे लगी इस बात की जांच जारी है.
जानकारी के अनुसार, यह घटना सफीदों के भाट कॉलोनी की है. यह स्थित रंग फैक्ट्री में शनिवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब अचानक यहां आग लग गई. इस दौरान अंदर 30 मजदूर मौजूद थे, जबकि बाहर से फैक्ट्री में मैन गेट पर ताला लगा हुआ था. ऐसा मजदूरों का आरोप है. अचानक लगी आग कुछ ही देर में पूरे परिसर में फैल गई. चारों तरफ सिर्फ धुआं और आग की लपटें की नजर आ रही थीं. ताला लगा होने के कारण मजदूर अंदर फंस कर रह गए.
इस दौरान बाहर मौजूद लोगों ने स्थिति की गंभीरता को समझते हुए काफी मेहनत से दरवाजा तोड़ा, जिसके बाद मजदूर बाहर निकाला जा सका. हालांकि, दो महिलाओं की आग में झुलसने से मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाद में दो महिलाओं ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया. मजदूरों को गंभीर हालत में सफीदों के अस्पताल में लाया गया, जहां से कई लोगों को पानीपत अस्पताल रेफर किया गया. शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट को आग लगने की मुख्य वजह माना जा रहा है.
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved