img-fluid

रतलाम के निकट चलती ट्रेन में आग, 68 यात्रियों को सुरक्षित निकाला

May 17, 2026

  • राजधानी एक्सप्रेस के एसी कोच में भीषण आग
  • गार्ड और आरपीएफ की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा, दिल्ली-मुंबई रेल यातायात रहा प्रभावित
  • लूनीरीछा-आलोट के बीच मचा हडक़म्प

रतलाम/आलोट। रतलाम (Ratlam) जिले के लूनीरीछा (Lunirichha) एवं विक्रमगढ़ आलोट (Vikramgarh Alot) रेलवे स्टेशन के बीच पर आज तडक़े बड़ा रेल हादसा (Train Accident) होते-होते टल गया। यहां नागदा से कोटा की ओर जा रही त्रिवेंद्रम-हजरत निजामुद्दीन राजधानी एक्सप्रेस के एसी कोच में अचानक भीषण आग लग गई। आग लगते ही ट्रेन में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। घटना के समय अधिकांश यात्री गहरी नींद में थे, लेकिन धुआं और लपटें देखकर यात्रियों में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।

जानकारी के अनुसार राजधानी एक्सप्रेस नागदा से कोटा की ओर जा रही थी। सुबह करीब 5.15 बजे गार्ड रूम के पास स्थित बी-1 कोच से अचानक धुआं उठने लगा। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरा कोच उसकी चपेट में आ गया। घटना की जानकारी मिलते ही ट्रेन के गार्ड ने तत्काल वॉकी-टॉकी के माध्यम से लोको पायलट को सूचना दी। इसके बाद ट्रेन को तुरंत रोका गया। आरपीएफ जवानों एवं रेलवे कर्मचारियों ने मुस्तैदी दिखाते हुए कोच के दरवाजे और खिड़कियां खोलकर यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालना शुरू किया। करीब 15 मिनट के भीतर पूरे कोच को खाली करा लिया गया। रेलवे अधिकारियों के मुताबिक बी-1 कोच में कुल 68 यात्री सवार थे। सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। अफरा-तफरी में एक महिला का पेर फ्रैक्चर होने की जानकारी सामने आई, लेकिन कोई जनहानि नहीं हुई है, हालांकि कोच को भारी नुकसान पहुंचा है।


  • ट्रैक पर रोका गया रेल यातायात
    घटना के बाद सुरक्षा के मद्देनजर दिल्ली-मुंबई मुख्य रेल मार्ग पर ट्रेनों की आवाजाही अस्थायी रूप से रोक दी गई। रेलवे ने प्रभावित ट्रेन का बिजली कनेक्शन भी काट दिया।

    यात्रियों की मदद के लिए जा रही वेन भी दुर्घटनाग्रस्त… पांच घायल
    जैसे ही रेल दुर्घटना की खबर मिली वैसे ही रतलाम के अधिकारी घटनास्थल पर पहुंच गए और आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी। वहीं घटनास्थल पर पुलिस बल और दमकल गाडिय़ों को भी मौके पर पहुंचाया गया। इससे पहले स्थानीय लोगों ने मदद करना शुरू कर दी थी। प्रशासनिक सतर्कता से चलते आलोट से भी एक केज्युअल्टी वैन रवाना हुई थी, जो शामगढ़, सुवासरा के मध्य खाई में पलट गई। घटना में वैन में मौजूद स्टाफ के 5 से अधिक लोगों को चोट आई, जिन्हें एम्बुलेंस द्वारा कोटा रेफर किया गया है। हालांकि सभी घायलों की हालत स्थिर है।

    ये ट्रेनें हुई प्रभावित
    12416 नई दिल्ली-इंदौर इंटरसिटी एक्सप्रेस को सुवासरा स्टेशन पर खड़ा किया गया।
    20156 नई दिल्ली-डॉ. अंबेडकर नगर एक्सप्रेस को रामगंजमंडी स्टेशन पर रोका गया।
    19020 देहरादून-बांद्रा टर्मिनस एक्सप्रेस को शामगढ़ स्टेशन पर रोका गया।
    05017 गोरखपुर-दादर स्पेशल ट्रेन को नाथूखेड़ी स्टेशन पर रोका गया।
    12472 माता वैष्णोदेवी कटरा बांद्रा टर्मिनस स्वराज एक्सप्रेस शामगढ़ स्टेशन पर रोकी।
    22210 नई दिल्ली-मुंबई सेंट्रल दुरंतो एक्सप्रेस को चौमहला स्टेशन पर रोका गया।
    01492 पुणे-हिसार स्पेशल ट्रेन को मोडक़ स्टेशन पर खड़ा किया गया।

    आने और जाने वाली ट्रेनों को रोका
    घटना के बाद रेल यातायात भी प्रभावित हुआ। घटना के बाद आने और जाने वाली दोनों लाइनों पर ट्रेनों का संचालन रोक दिया गया था। रेलवे के अनुसार बचाव कार्य के बाद मुंबई दिशा की अप लाइन चालू कर दी गई है, जबकि फिलहाल अप और डाउन दोनों दिशा की ट्रेनों को एक ही लाइन से निकाला जा रहा है। जले हुए कोच को हटाने का काम जारी है। घटना के बाद रेलवे ने आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

    इंदौर आने वाली गाडिय़ां अटकीं यात्री परेशान
    इंदौर आने-जाने वाली कई ट्रेनें इस घटना से प्रभावित हुईं। खासतौर पर नई दिल्ली-इंदौर इंटरसिटी और डॉ. अंबेडकर नगर आने वाली ट्रेनें रास्ते में अटक गईं, जिससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। दोनों ट्रेनें तय समय से 2 घंटे से ज्यादा लेट बताई जा रही है।

    Share:

  • इन्दौर: कृष्णपुरा छत्रियों के लिए अब टिकट, सुधरी व्यवस्था

    Sun May 17 , 2026
    गार्ड कर रहे निगरानी, सफाई व्यवस्था में भी हुआ सुधार इन्दौर। इंदौर (Indore) के मध्य क्षेत्र में स्थित ऐतिहासिक छत्रियों (Historic Umbrellas) को देखने के लिए अब पर्यटकों (Tourists) को टिकट चुकाना होगा। यहां की व्यवस्था को बेहतर करने और बेहतर देखभाल के लिए ट्रस्ट ने ये निर्णय लिया है। छत्रियों का एक बड़ा हिस्सा […]
    सम्बंधित ख़बरें
    लेटेस्ट
    खरी-खरी
    का राशिफल
    जीवनशैली
    मनोरंजन
    अभी-अभी
  • Archives

  • ©2026 Agnibaan , All Rights Reserved