
जबलपुर। खरीफ सीजन से पहले किसानों को चूना लगाने की तैयारी कर रहे कथित अवैध बीज कारोबारियों पर कृषि विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। पनागर क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित बीज पैकिंग और भंडारण केंद्र पर छापेमार कार्रवाई करते हुए करीब 200 क्विंटल धान बीज जब्त किया गया है। मामले में दो बीज कारोबारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
गोदाम में मिला अवैध कारोबार
कृषि विभाग को 19 मई 2026 को सूचना मिली थी कि पनागर के देवरी खुर्द स्थित आनंद ज्योति प्रिंटिंग प्रेस परिसर में नियमों को ताक पर रखकर बीज पैकिंग का काम किया जा रहा है। सूचना मिलते ही उप संचालक कृषि यू.के. कटरे के निर्देशन में विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की गई। छापेमारी के दौरान गोदाम में भारी मात्रा में धान बीज, पैकिंग सामग्री और तैयार पैकेट मिले। जांच में पाया गया कि बीजों को 10-10 किलो के पैकेटों में भरकर बाजार में उतारने की तैयारी की जा रही थी।
बड़ी मात्रा में बीज जब्त
कृषि विभाग की टीम ने मौके से लगभग 200 क्विंटल धान बीज, सैकड़ों तैयार पैकेट, बिना सीलबंद बोरियां और पैकिंग सामग्री जब्त की। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि यह पूरा कारोबार बिना वैध लाइसेंस और निर्धारित नियमों के विपरीत संचालित किया जा रहा था।
संचालकों पर एफआईआर
मामले में कनक एग्री सीड्स कंपनी के संचालक राजेश मोर्थे और सम्यक सीड्स एंड एग्रोटेक के संचालक अनिल जैन के खिलाफ बीज नियंत्रण आदेश-1983 तथा आवश्यक वस्तु अधिनियम-1955 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।
अधिकारियों की निगरानी में कार्रवाई
कार्रवाई में सहायक संचालक कृषि रवि अमरवंशी, अनुविभागीय कृषि अधिकारी प्रतिभा गौर, जी.पी. मांझी, इशिता राजपूत, संगीत सिंह सहित कृषि विभाग के कई अधिकारी शामिल रहे। विभाग अब जब्त बीजों की गुणवत्ता और स्रोत की भी जांच कर रहा है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved