
भोपाल। बंगाल की खाड़ी में मानसून की हलचल जारी है। इस हलचल ने ठंड को रोक दिया है। बंगाल की खाड़ी में बन रहे कम दबाव की वजह से पश्चिमी विक्षोभ मजबूत नहीं हो पा रहा है। इस कारण अक्टूबर में भी शहर का तापमान में ज्यादा गिरावट नहीं आ रही है। वहीं ठंड रफ्तार नहीं पकड़ पा रही है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि बंगाल की खाड़ी शांत होने के बाद ही ठंड गहराएगी। शनिवार को न्यूनतम तापमान में 0.3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज हुई, लेकिन इस बढ़ोतरी से रात में होने वाली ठंडक पर असर नहीं पड़ा। रात में ठंडक बरकरार रही।
हवा में नमी की मात्रा बढ़ी
सुबह हवा में नमी की मात्रा 75 फीसद रही। गत दिवस यह नमी 72 फीसद थी, लेकिन दिन में तापमान अधिक होने की वजह से शाम को नमी घट रही है। बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव का क्षेत्र भी हवा में नमी नहीं बढ़ा पा रहा है, क्योंकि इसका रुख पूर्वोत्तर की ओर है। 28 अक्टूबर के बाद एक और पश्चिमी विक्षोभ आ रहा है। इससे नवंबर में मौसम में बदलाव आएगा। अक्टूबर में बंगाल की खाड़ी में तीन कम दबाव के क्षेत्र विकसित हो चुके हैं। जबकि अक्टूबर के दूसरे सप्ताह में बंगाल की खाड़ी में मानसून की हलचलें बंद हो जाती थी।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved