
- विधायक अशोक रोहाणी ने दिए एस्टीमेट तैयार करने के निर्देश, नव निर्मित स्वास्थ्य केंद्र और अमृत योजना की टंकी का किया निरीक्षण
जबलपुर। कैंट विधायक अशोक रोहाणी ने निगम अध्यक्ष रिंकू विज के साथ गौरैयाघाट स्थित नव निर्मित शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अमृत योजना फेस-2 के तहत निर्माणाधीन पेयजल टंकी का भी जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान विधायक ने बताया कि गौरैयाघाट में निर्माणाधीन शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र फिलहाल 6 बिस्तरों की क्षमता के साथ तैयार किया जा रहा है। क्षेत्र की बढ़ती आबादी और स्वास्थ्य सुविधाओं की जरूरत को देखते हुए उन्होंने इसे 30 बिस्तरों के अस्पताल के रूप में विकसित करने की आवश्यकता जताई। उन्होंने पीआईयू यूनिट के कार्यपालन यंत्री मनीष शर्मा को तत्काल 30 बिस्तरों वाले अस्पताल का विस्तृत प्राक्कलन (एस्टीमेट) तैयार करने के निर्देश दिए। विधायक ने आश्वस्त किया कि परियोजना के लिए आवश्यक बजट मध्यप्रदेश शासन से स्वीकृत कराने के हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। विधायक अशोक रोहाणी ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश सरकार आम नागरिकों को उनके घर के नजदीक बेहतर और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रही है। सरकार की प्राथमिकता है कि लोगों को इलाज, आवश्यक जांच और स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए दूर-दराज न जाना पड़े। निरीक्षण के दौरान जिला स्वास्थ्य विभाग के जिला मीडिया अधिकारी अजय कुरील सहित संबंधित विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने विधायक को निर्माण कार्य की प्रगति और आगामी कार्ययोजना की जानकारी दी। विधायक ने निर्माण कार्य समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्वक पूरा करने के निर्देश भी दिए।