कटनी। मध्यप्रदेश में कटनी (Katni) जिले में एक 15 वर्षीय युवती से दुष्कर्म (Girl gang raped by drinking alcohol in Katni, two arrested) करने का मामला सामने आया है। इस मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार एक आरोपी ने स्टेशन तक लड़की को लिफ्ट दी, लेकिन स्टेशन के बजाए सुनसान जगह ले गया। यहां पहले से ही एक अन्य युवक मौजूद था। दोनों ने पहले पीड़ित नाबालिग को शराब पिलाई इसके बाद गैंगरेप किया।
इस संबंध में एसपी मयंक अवस्थी का कहना है कि घटना मंगलवार तड़के करीब 3:30 बजे की है। आरोपियों ने लड़की के साथ कृषि उपज मंडी के पीछे बने वेयर हाउस में गैंगरेप किया। रंगनाथ थाने की पुलिस टीम गश्त कर रही थी। टीम जैसे ही मुड़वारा स्टेशन के पास पहुंची तो एक युवक के साथ लड़की थी और वह नशे में थी।
पुलिस को मामला संदिग्ध लगा तो लड़की से पूछताछ की। पूछताछ में लड़खड़ाती लड़की ने बताया कि उसे दो युवकों ने शराब पिलाई और फिर दुष्कर्म किया। यह सुनते ही पुलिस ने युवक को हिरासत में ले लिया। दूसरा युवक दूर था और ये सब देखकर भागने लगा। पुलिस ने उसे भी पकड़ लिया। आरोपियों के नाम प्रदीप तिवारी और गणेश शर्मा हैं। इस मामले में पुलिस जांच कर रही है।

©2026 Agnibaan , All Rights Reserved