नई दिल्ली। सोने (Gold) की कीमतें दूसरे दिन लगातार बढ़ीं और $5,000 प्रति औंस के स्तर से ऊपर पहुंच गईं। रिकॉर्ड हाई से ऐतिहासिक गिरावट के बाद निवेशकों ने सोने-चांदी (Gold and silver) में खरीदारी की। सिंगापुर में सुबह 9:12 बजे तक सोना 2.1% चढ़कर $5,048.55 प्रति औंस पर पहुंच गया। इसका असर सुबह एमसीएक्स पर देखने को मिलेगा। सर्राफा बाजारों में भी आज सोने-चांदी की कीमतों में भारी उछाल की उम्मीद है
क्यों बदला बाजार का मूड
बाजार में जोखिम लेने का माहौल लौटा है और अमेरिकी डॉलर कमजोर हुआ है, इससे सोने को सपोर्ट मिला। मंगलवार को बंद भाव में सोना 29 जनवरी के अपने रिकॉर्ड हाई से लगभग 12% नीचे था, लेकिन फिर भी वर्ष की शुरुआत के मुकाबले करीब 15% ऊपर है। चांदी की कीमतों में भी बढ़ोतरी हुई।
विश्लेषकों का नजरिया
ब्लूमबर्ग ने अपनी रिपोर्ट में टीडी सिक्योरिटीज के वरिष्ठ कमोडिटी रणनीतिकार डैनियल घाली के हवाले से बताया है कि कीमती धातुओं में जबरन बिकवाली का दौर संभवतः खत्म हो चुका है। हालांकि, पिछले हफ्ते की भारी उतार-चढ़ाव ने छोटे निवेशकों को दूर रखा होगा, जो खरीदारों का एक बड़ा हिस्सा हैं।
क्यों आई थी गिरावट?
पिछले महीने सट्टेबाजी, भू-राजनीतिक उथल-पुथल और फेडरल रिजर्व की स्वतंत्रता को लेकर चिंताओं के चलते सोने-चांदी की कीमतें आसमान छू रही थीं। लेकिन यह उछाल बहुत तेज और ज्यादा था, जिसके बाद पिछले हफ्ते अचानक गिरावट शुरू हुई। चांदी में रिकॉर्ड गिरावट दर्ज की गई, जबकि सोना 2013 के बाद सबसे ज्यादा गिरा।
निवेशकों की भूमिका
चीनी फंड्स और पश्चिमी छोटे निवेशकों ने कीमती धातुओं में बड़ा पोजीशन बनाया था। इस पर लीवरेज्ड एक्सचेंज-ट्रेडेड उत्पादों और कॉल-ऑप्शन खरीदारी ने और हवा दी। शुक्रवार को एशियाई व्यापार के समय शुरू हुई अचानक गिरावट इस सप्ताह की शुरुआत तक जारी रही।
बैंक ऑफ अमेरिका के अनुसार, कीमती धातुओं में उतार-चढ़ाव अभी ऊंचा बना रहेगा। बैंक के यूरोप, मध्य पूर्व और अफ्रीका क्षेत्र के कमोडिटी ट्रेडिंग प्रमुख निकलास वेस्टरमार्क के मुताबिक, चांदी के मुकाबले सोने में लॉन्ग टर्म इन्वेस्टमेंट की मजबूत थीसिस है। ऊंची कीमतें और बाजार की उथल-पुथल निवेश के आकार को प्रभावित कर सकती है, लेकिन समग्र निवेशक रुचि कम नहीं होगी। डॉयचे बैंक ने सोने के $6,000 प्रति औंस तक पहुंचने के अपने पूर्वानुमान पर कायम रहने की बात कही है।
अन्य धातुओं का हाल
चांदी 2.1% बढ़कर $86.90 प्रति औंस पर पहुंच गई। प्लैटिनम और पैलेडियम की कीमतों में भी बढ़ोतरी हुई। अमेरिकी डॉलर का सूचक ब्लूमबर्ग डॉलर स्पॉट इंडेक्स 0.1% ऊपर चला गया, हालांकि पिछले सत्र में यह 0.3% नीचे रहा था।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved