व्‍यापार

भारत को शीर्ष-3 अर्थव्यवस्था में देखना सरकार का लक्ष्य, जापान और जर्मनी से ज्यादा पीछे नहीं

नई दिल्ली। आईटी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स राज्यमंत्री राजीव चंद्रशेखर ने कहा कि सरकार का लक्ष्य 2026-27 तक भारत को दुनिया की शीर्ष-3 अर्थव्यवस्थाओं में शामिल करना है। जापान और जर्मनी से हम बहुत पीछे नहीं हैं। ऐसे में दुनिया की तीसरी बड़ी अर्थव्यवस्था बनना हमारे लक्ष्य के मुताबिक है। उन्होंने कहा, सरकार का ध्यान अपनी बेहतर नीतियों के जरिये भारत को वैश्विक मूल्य शृंखलाओं में एक गंभीर और प्रतिस्पर्धी भागीदार बनने के लिए आगे बढ़ाने पर है। एपल, सैमसंग और सिस्को जैसी कंपनियां अब भारत आ रही हैं।

निर्माण और डिजाइन में पैदा हुए अवसर
सरकार ने सिर्फ 14 महीने में निर्माण और डिजाइन में मौके पैदा किए हैं। भारत 2024 तक 100 सेमीकंडक्टर डिजाइन स्टार्टअप बनाने का लक्ष्य लेकर चल रहा है। इस क्षेत्र में जल्द 85 हजार उच्च कुशल पेशेवरों का प्रतिभा पूल होगा।

समीक्षा बैठक में लगातार घाटे में चल रहे क्षेत्रीय ग्रामीण बैंकों पर हुई चर्चा
वित्त मंत्रालय ने क्षेत्रीय ग्रामीण बैंकों से कहा कि वे वित्तीय समावेश के मामले में प्रदर्शन सुधारने के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में कर्ज वितरण में सुधार करें।  वित्तीय सेवाओं के विभाग के सचिव विवेक जोशी की अगुवाई में हुई क्षेत्रीय ग्रामीण बैंकों की समीक्षा बैठक में इन बैंकों की वित्तीय व्यवहार्यता योजनाओं पर चर्चा की गई। इसकी वजह यह है कि कुछ आरआरबी घाटे में चल रहे हैं। शुक्रवार को बैठक के दौरान जोशी ने कहा कि आरआरबी को वित्तीय समावेश की दिशा में सरकारी प्रयासों के अनुरूप कदम उठाने होंगे। बैठक में वित्तीय सेवाओं के विभाग, आरबीआई, नाबार्ड, प्रायोजक बैंकों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ आरआरबी के चेयरपर्सन भी शामिल हुए।


कार्वी के पूर्व अधिकारियों पर 1.9 करोड़ का जुर्माना
बाजार नियामक सेबी ने कार्वी समूह के चार पूर्व अधिकारियों पर 1.9 करोड़ का जुर्माना लगाया है। इसका भुगतान 45 दिन में करना है। ग्राहकों की पूंजी की हेराफेरी से जुड़े मामलों में नियमों के उल्लंघन पर यह कार्रवाई की गई है।

विदेशी मुद्रा भंडार 7.2 अरब डॉलर बढ़ा, 11 माह के शीर्ष पर
देश का विदेशी मुद्रा भंडार 5 मई को समाप्त सप्ताह में 7.2 अरब डॉलर बढ़कर 595.98 अरब डॉलर पर पहुंच गया है। यह इसका 11 महीने का उच्च स्तर है। इससे पिछले सप्ताह भंडार 4.53 अरब डॉलर घटकर 588.78 अरब डॉलर के स्तर पर आ गया था। आरबीआई के शुक्रवार के आंकड़ों के मुताबिक, 5 मई वाले सप्ताह में विदेशी मुद्रा संपत्ति 6.53 अरब डॉलर बढ़कर 526.02 अरब डॉलर पहुंच गई। सोने का भंडार 65.9 करोड़ डॉलर बढ़कर 46.31 अरब डॉलर पर पहुंच गया। देश का विदेशी मुद्रा भंडार अक्तूबर, 2021 में 645 अरब डॉलर के सार्वकालिक उच्च स्तर पर पहुंच गया था। उसके बाद रुपये में गिरावट रोकने के लिए आरबीआई ने डॉलर बेचना शुरू कर दिया था।

Share:

Next Post

UP के नगर निगम चुनाव में BJP आगे, सपा का सफाया

Sat May 13 , 2023
लखनऊ (Lucknow)। उत्तर प्रदेश नगरीय निकाय चुनाव (Uttar Pradesh Urban Body Election) में राज्य के सभी नगर निगमों के शुरुआती रुझान आ गए हैं। प्रदेश की 760 नगरीय निकायों के चुनाव की मतगणना (election vote counting) शनिवार सुबह आठ बजे से शुरू हो गई है। 75 जिलों के 353 केंद्रों पर लगभग 35 हजार कर्मी […]