
भोपाल। पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ और दिग्विजय सिंह के नेतृत्व में सबसे बड़ी झूठ मंडली काम कर रही है। कांग्रेस के तत्कालीन राष्ट्रीय अध्यक्ष ने चुनाव में झूठ बोला था कि 10 दिन के अंदर सभी किसानों का 2 लाख रूपए तक का कर्जा माफ करेंगे। लेकिन 15 महीने में भी वह सभी किसानों का कर्जमाफ नहीं कर पाए। जहां-जहां चुनाव हुए, वहां कमलनाथ कर्जा माफ करने चले गए और किसी का 100 तो किसी का 1000 रुपये का कर्ज माफ कर दिया। किसानों से बोले गए झूठ के कारण ही कमलनाथ सरकार गिरी और झूठों की यह मंडली अब फिर से झूठ फैलाने का काम कर रही है। यह बात भाजपा प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा ने कही। शर्मा ने कहा कि कमलनाथ जी कर्जमाफी को लेकर 26 लाख किसानों के नाम सार्वजनिक करने की बात कर रहे हैं, लेकिन उन्हें उस भ्रष्टाचार का हिसाब भी जनता के सामने पेश करना चाहिए, जो उनकी सरकार ने अपने 15 महीनों के शासन में किया। कमलनाथ की सरकार के मंत्रियों उमंग सिंगार और गोविन्द सिंह तक ने आरोप लगाते हुए कहा था कि कमलनाथ सरकार में पैसा उपर तक जाता है। जब तत्कालीन मुख्यमंत्री कमलनाथ के चहेतों के यहां छापे पड़े, तो जो 281 करोड़ रुपये बरामद हुए थे, वो कहां से आए थे? ट्रांसफर उद्योग में कितना पैसा आपके और मंत्रियों के पास आया था? इन सब का डाटा भी कमलनाथ को एक पेनड्राइव में देना चाहिए।
©2025 Agnibaan , All Rights Reserved