
नई दिल्ली. सरकार (Government) की तरफ से मंगलवार रात कस्टम ड्यूटी (Customs Duty) बढ़ाकर 15% किये जाने के बाद आज सोने (Gold) की कीमत में रिकॉर्ड तेजी देखी गई. बुधवार सुबह के कारोबार में एमसीएक्स (MCX) पर सोने का रेट रिकॉर्ड लेवल को छू गया. कमोडिटी मार्केट में आज उस समय हड़कंप मच गया जब सोने और चांदी ने तेजी के पिछले रिकॉर्ड को लांघ दिया. एमसीएक्स पर 10 ग्राम सोने का रेट 1,63,000 रुपये के करीब पहुंच गया. जून वायदा के लिए सोने के दाम 1% की बढ़त के साथ ₹1,54,851 पर खुले थे. लेकिन कुछ ही देर में खरीदारी इतनी तेज हुई कि कीमत ने 6% का ‘अपर सर्किट’ छू लिया. सबसे ज्यादा तेजी सर्राफा बाजार में देखी जा रही है. दिल्ली के सर्राफा बाजार में 24 कैरेट वाला सोना बुधवार सुबह करीब 14000 रुपये प्रति 10 ग्राम महंगा हो गया.
सोने में आई उछाल से एमसीएक्स पर गोल्ड 9,206 रुपये महंगा होकर 1,62,648 रुपये प्रति 10 ग्राम के रिकॉर्ड लेवल पर पहुंच गया. चांदी की हालत भी कुछ ऐसी ही रही और जुलाई वायदा के दाम में 16,743 रुपये की भारी बढ़त देखी गई. इसके साथ ही चांदी चढ़मकर 2,95,805 प्रति किलो के लेवल पर पहुंच गई. ट्रेडर्स का मानना है कि टैक्स में अचानक हुए 9% के इजाफे के बाद बाजार का सेंटीमेंट बदल गया है. इम्पोर्ट ड्यूटी बढ़ने के बाद घरेलू बाजार में सोने और चांदी की सप्लाई महंगी हो गई है.
बाजार में क्यों आई तेजी?
बाजार में अचानक तेजी के पीछे सरकार का वह बड़ा फैसला है, जिसके तहत सोने और चांदी पर इम्पोर्ट टैरिफ को 6% से बढ़ाकर सीधा 15% कर दिया गया है. विदेशी मुद्रा भंडार पर बढ़ते दबाव को कम करने और कीमती धातुओं की विदेशी खरीद पर कंट्रोल करने के लिए यह कड़ा कदम उठाया गया है. नई व्यवस्था के अनुसार सोने और चांदी के कई कैटेगरी पर बेसिक कस्टम ड्यूटी को 5% से बढ़ाकर 10% कर दिया गया है. 5% का एग्रीकल्चर इंफ्रास्ट्रक्चर एंड डेवलपमेंट सेस (AIDC) पहले की ही तरह जारी रहेगा.
सर्राफा बाजार निकला सबसे आगे
सरकार की तरफ कस्टम ड्यूटी में 9 प्रतिशत की बढ़ोतरी किये जाने का सबसे ज्यादा असर देश के अलग-अलग सर्राफा बाजार में देखा जा रहा है. दिल्ली के सर्राफा बाजार में 10 ग्राम सोने के दाम 13910 रुपये प्रति 10 ग्राम के करीब चढ़ गए. एमसीएक्स और बुलियन मार्केट के मुकाबले देखें तो सर्राफा बाजार में देखी जा रही तेजी सबसे ज्यादा है. मंगलवार शाम को दिल्ली में सोना 1,54,130 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था. लेकिन आज सुबह यह चढ़कर 168040 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गए.
बुलियन मार्केट का क्या है हाल?
बुलियन मार्केट में भी बुधवार सुबह से ही तेजी देखी जा रही है. जी हां, यहां पर 24 कैरेट वाले गोल्ड का रेट 9300 रुपये की तेजी के साथ 163,070 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया. इसी तरह सिल्वर में भी 6 प्रतिशत से ज्यादा की तेजी देखी जा रही है और इसका दाम 17480 रुपये प्रति किलोग्राम चढ़कर 296,620 रुपये प्रति किलो पर पहुंच गया. कीमत में तेजी के बीच खरीदारों में सोने-चांदी के निवेश को लेकर क्रेज बना हुआ है.
सोने के प्रति कम नहीं हो रहा आकर्षण
कीमत में रिकॉर्ड बढ़ोतरी के बावजूद भारतीय निवेशकों का सोने के प्रति आकर्षण कम नहीं हो रहा. आंकड़ों के अनुसार, देश में सोने में इन्वेस्ट करने वालों की मांग लगातार बढ़ रही है. मार्च तिमाही में भारतीय गोल्ड ईटीएफ (ETF) में होने वाला निवेश पिछले साल के मुकाबले 186% बढ़कर 20 मीट्रिक टन के रिकॉर्ड लेवल पर पहुंच गया. बाजार के जानकारों का मानना है कि लोग दूसरे इन्वेस्टमेंट में अनिश्चितता मानते हुए सोने को सुरक्षित निवेश का विकल्प मान रहे हैं.
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved