
नई दिल्ली। दिल्ली के निर्भया कांड के दोषियों का केस लड़ने वाले वकील एपी सिंह शनिवार को क्षत्रिय महासभा के पदाधिकारियों के साथ हाथरस के बूलगढ़ी गांव में आरोपियों के घर पहुंचे। एपी सिंह ने हाथरस कांड को ऑनर किलिंग बताते हुए कहा कि वह चाहते हैं कि इस मामले में सभी का नार्को टेस्ट हो जाए। उन्होंने कहा कि हाथरस कांड में आरोपी बनाए गए चारों लड़के नार्को पॉलीग्राफ के साथ ही हर तरह के टेस्ट के लिए तैयार हैं।
वकील एपी सिंह से पत्रकारों ने पूछा कि क्या वह आरोपियों का मुकदमा लड़ने के लिए फीस लेंगे या फिर नि:शुल्क पैरवी करेंगे? इस सवाल को एपी सिंह पहले तो टालने की कोशिश की फिर कहा कि महासभा उनकी फीस देगी। गौरतलब है कि निर्भया कांड में निर्भया की ओर से वकील रहीं सीमा कुशवाहा हाथरस कांड की पीड़िता का मुकदमा नि:शुल्क लड़ने का ऐलान कर चुकी हैं।
एपी सिंह ने आरोप लगाया हाथरस कांड का राजनीतिकरण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि घटना के एक हफ्ते के बाद इस मामले में पीड़िता के परिवार से नेताओं के मिलने के बाद रेप की एफआईआर दर्ज करवाई गई। कहा कि पीड़िता और उसकी मां के शुरुआती बयानों में भी बलात्कार की बात कहीं नहीं कही गई।

©2026 Agnibaan , All Rights Reserved