खरगोन। मध्य प्रदेश के खरगोन (Khargone) जिले में रिश्तों को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। यहां कैंसर पीड़ित (Cancer patient) मां के इलाज पर होने वाले खर्च को लेकर हुए विवाद में छोटे भाई ने बड़े भाई की लकड़ी के डंडे से हमला कर हत्या कर दी। इसके बाद घर के एक कमरे में गड्ढा खोदकर शव को दफना दिया। आरोपी ने परिवार के सदस्यों को घटना की जानकारी किसी को देने पर धमकाया। हालांकि, मृतक की 11 वर्षीय बेटी ने हिम्मत दिखाते हुए गांव के सरपंच को पूरी घटना बता दी, जिसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
भीकनगांव के एसडीओपी केतन अडलक ने बताया कि शकरखेड़ी गांव निवासी पूनम बारे (34) ने अपने बड़े भाई संतोष (38) की हत्या की है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों भाइयों के बीच कैंसर पीड़ित मां के इलाज पर होने वाले खर्च को लेकर अक्सर विवाद होता था। मां को पारिवारिक पेंशन मिलती थी, लेकिन पूनम इलाज पर खर्च करने का विरोध करता था और इसके लिए बड़े भाई को जिम्मेदार मानता था।
डंडे से सिर और पैरों पर किया हमला
पुलिस के मुताबिक, घटना पांच नवंबर की है। उस समय पूनम की पत्नी और बच्चे मायके गए हुए थे। घर में पूनम, संतोष, उनकी मां और संतोष के दो बच्चे मौजूद थे। इलाज के खर्च को लेकर दोनों भाइयों के बीच विवाद हुआ। इसी दौरान पूनम ने लकड़ी के डंडे से संतोष के सिर और पैरों पर हमला कर दिया। हमले में संतोष गंभीर रूप से घायल हो गया।
आरोप है कि हमले के बाद पूनम ने संतोष को कमरे में बंद कर दिया। उसने मां और बच्चों को घटना के बारे में किसी को बताने पर पुलिस कार्रवाई होने और घर-जायदाद जब्त होने की धमकी दी। संतोष की 11 वर्षीय बेटी शिवानी ने अपनी दादी की मदद से घायल पिता को दर्द की दवा दी। संतोष ने बेटी से कहा कि वह सो जाएगा। मोबाइल में रिचार्ज नहीं होने के कारण शिवानी एंबुलेंस भी नहीं बुला सकी। समय पर उपचार नहीं मिलने से अगले दिन संतोष की मौत हो गई।
कमरे में गड्ढा खोदकर दफनाया शव
पुलिस के अनुसार, संतोष की मौत के बाद पूनम ने उसी कमरे में गड्ढा खोदा और शव को दफना दिया। आरोपी की धमकी के कारण परिवार के अन्य सदस्य चुप रहे। हालांकि, सात नवंबर को संतोष की बेटी शिवानी घर से निकलकर गांव के सरपंच के पास पहुंची और उन्हें पूरी घटना की जानकारी दी। सरपंच ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
खुदाई में मिला शव, आरोपी गिरफ्तार
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और संबंधित कमरे की खुदाई कराई। इस दौरान संतोष का शव बरामद किया गया। पुलिस ने आरोपी पूनम को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved