बेंगलुरु। कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु (Bengaluru) के बन्नेरघट्टा इलाके में तेज रफ्तार SUV का कहर देखने को मिला। अनियंत्रित गाड़ी ने पहले सड़क किनारे खड़ी बाइकों को टक्कर मारी और फिर एक कबाब सेंटर (Kebab Center) में जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि होटल के अंदर खाना बनाने के लिए कड़ाही में रखा उबलता तेल बिखर गया। इसकी चपेट में आने से तीन लोग गंभीर रूप से झुलस गए। हादसे का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
पहले बाइकों को मारी टक्कर, फिर होटल में घुसी SUV
घटना 28 अक्टूबर की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, एक तेज रफ्तार SUV बन्नेरघट्टा इलाके की सड़क से गुजर रही थी। इसी दौरान चालक गाड़ी पर नियंत्रण खो बैठा और SUV सड़क किनारे खड़ी बाइकों से टकरा गई। इसके बाद गाड़ी सीधे पास स्थित कबाब सेंटर में जा घुसी।
हादसे के समय सेंटर के अंदर खाना बनाने का काम चल रहा था। कड़ाही में तेल उबल रहा था। SUV की जोरदार टक्कर से कड़ाही में रखा गर्म तेल बिखर गया और वहां मौजूद लोग इसकी चपेट में आ गए।
हादसे में बसवराज, मुनिकृष्णा और मंजेश गंभीर रूप से झुलस गए। तीनों को उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दुर्घटना में सड़क किनारे खड़ी बाइकों को भी नुकसान पहुंचा है।
CCTV में कैद हुई पूरी घटना
हादसे के दौरान कबाब सेंटर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में पूरी घटना रिकॉर्ड हो गई। फुटेज में SUV को बाइकों से टकराने के बाद होटल के अंदर घुसते देखा जा सकता है। वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
बन्नेरघट्टा पुलिस मामले की जांच कर रही है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि SUV चालक ने वाहन से नियंत्रण कैसे खोया। पुलिस दुर्घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved