
भोपाल। राजधानी भोपाल में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदल गया है। शहर में देर रात से ही जोरदार बारिश हो रही है, जिससे कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई है। निचले इलाकों की सड़कों और आसपास पानी भरने से लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। इससे पहले भी शहर में कल से रुक-रुककर बारिश हो रही थी।
उधर, डिंडौरी जिले में पिछले दो दिनों से लगातार हो रही बारिश के कारण हालात बिगड़ने लगे हैं। नर्मदा नदी का जलस्तर बढ़ने से जबलपुर-अमरकंटक नेशनल हाईवे का पुल और नगर के भीतर बना करीब 25 फीट ऊंचा पुल डूब गया। उधर, मंडला में मकान ढहने से एक बच्चे की मौत हो गई।
मप्र के 5 जिलों में अति भारी बारिश का अलर्ट
मप्र में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो गया है। मौसम विज्ञान ने आज प्रदेश के विदिशा, सीहोर, राजगढ़, हरदा और बैतूल जिलों में अति भारी बारिश का अलर्ट जारी किया तो रायसेन, नर्मदापुरम, कटनी, छिंदवाड़ा, बालाघाट, दमोह, सागर, पांढुर्णा, नरसिंहपुर, सिवनी और पन्ना समेत कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। इसके अलावा भोपाल, उज्जैन, ग्वालियर, गुना, अशोकनगर, शिवपुरी में धीमी बारिश होगी।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved