
पटना। मानसून (Monsoon) ने अब पूरे बिहार (Bihar) को कवर कर लिया है। मौसम विभाग (Meteorological Department) के पूर्वानुमान के अनुसार, अगले 48 घंटे तक मानसून के सक्रिय रहने की उम्मीद है। इस दौरान कई जिलों में आंधी-तूफान (Storm) के साथ भारी बारिश (Heavy Rain) का अनुमान है। बारिश के दौरान व्रजपात पड़ने की संभावना है। मौसम विभाग ने कहा कि शनिवार को राज्य के कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद, किशनगंज, अररिया, पूर्णिया और बक्सर जिलों में भारी वर्षा होने की संभावना है। इन जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान इन जिलों में 30-40 किमी की रफ्तार से तेज हवाएं भी चलेंगी।
मौसम विभाग ने रविवार के लिए पांच जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। राज्य के किशनगंज, अररिया, सुपौल, बांका और भागलपुर जिलों में बहुत भारी वर्षा होने की संभावना है। राज्य के उत्तर पूर्वी और दक्षिण पश्चिमी भागों के जिलों में कुछ स्थानों पर गरज, बिजली गिरने और तेज हवाएं (30-40 किमी प्रति घंटे) चलने की संभावना है। राज्य के पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण और सीतामढ़ी जिलों में भी कुछ स्थानों पर बहुत भारी वर्षा होने की संभावना है।
22 जून यानी रविवार को राज्य के पूर्णिया, कटिहार, जमुई, मुंगेर, खगड़िया, नवादा, शेखपुरा और मधेपुरा जिलों में भी मूसलाधार बारिश दर्ज की जा सकती है। इन जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। भारी बारिश की वजह से निचले इलाकों में बाढ़ आ सकती है। इसलिए जिला प्रशासन ने निचले इलाकों और बाढ़ संभावित जगहों पर रहने वालों को सतर्क रहने को कहा है। बारिश के बाद नदियों का जल्द स्तर बढ़ सकता है और सड़कों पर पानी जमा होने की संभावना है। झारखंड में हो रही भारी बारिश का असर बॉर्डर से सटे बिहार के लोगों पर भी पड़ा है।
©2025 Agnibaan , All Rights Reserved