गुवाहाटी। असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा (Himanta Biswa Sarma) ने कांग्रेस की असम इकाई के अध्यक्ष और लोकसभा सांसद गौरव गोगोई (Gaurav Gogoi) पर गंभीर आरोप लगाए हैं। सरमा (Himanta Biswa Sarma)ने दावा किया है कि गोगोई के परिवार के बैंक खाते पाकिस्तान में ‘संचालित’ बैंकों में हैं। उन्होंने इसे राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ा गंभीर विषय बताते हुए कहा कि इस मामले का विस्तृत खुलासा आठ फरवरी को किया जाएगा।
भाजपा के एक कार्यक्रम से इतर पत्रकारों से बातचीत में मुख्यमंत्री ने यह भी आरोप लगाया कि राज्य कांग्रेस मुख्यालय ‘राजीव भवन’ अब “असमिया विरोधी गतिविधियों” का केंद्र बन चुका है। इन आरोपों पर कांग्रेस की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
हिमंता बिस्वा सरमा ने कहा, “गौरव गोगोई से पूछिए कि उनके परिवार के पाकिस्तान के बैंकों में कितने खाते हैं। उनके परिवार के बैंक खाते आज भी पाकिस्तान में चल रहे हैं।”
उन्होंने कहा कि फिलहाल वे केवल संकेत दे रहे हैं और पूरी जानकारी आठ फरवरी को आयोजित पत्रकार वार्ता में साझा की जाएगी। मुख्यमंत्री ने तीखे शब्दों में कहा कि “जिस व्यक्ति का बैंक खाता पाकिस्तान में हो, सोचिए वह देश के लिए कितना खतरनाक हो सकता है।”
पत्नी के आईएसआई से कथित संबंधों का भी जिक्र
मुख्यमंत्री सरमा और भाजपा पहले भी गोगोई पर उनकी पत्नी के पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई से कथित संबंधों को लेकर आरोप लगा चुके हैं। सरमा का दावा है कि कांग्रेस नेता के पड़ोसी देश से सीधे संबंध रहे हैं।
उन्होंने बताया कि 27 जनवरी को राज्य मंत्रिमंडल ने गोगोई के कथित पाकिस्तानी संबंधों की जांच से जुड़ी रिपोर्ट पर आगे की कार्रवाई के लिए सात फरवरी को औपचारिक निर्णय लेने की बात कही थी। साथ ही विशेष जांच दल (एसआईटी) की अधिकांश रिपोर्ट आठ फरवरी को सुबह 10:30 बजे सार्वजनिक की जाएगी।
जमीन विवाद पर पलटवार, मानहानि का ऐलान
गौरव गोगोई द्वारा मुख्यमंत्री के परिवार पर राज्य भर में करीब 3,960 एकड़ जमीन पर कब्जा करने के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए सरमा ने कहा कि वह ऐसे सभी लोगों के खिलाफ मानहानि का मुकदमा करेंगे, जो मीडिया में उनके खिलाफ झूठे आरोप लगा रहे हैं।
उन्होंने बुधवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर भी लिखा था कि उनके खिलाफ दिए गए “झूठे, मनगढ़ंत और मानहानिकारक बयानों” को लेकर नौ फरवरी को जितेंद्र सिंह, भूपेश बघेल, गौरव गोगोई और देबब्रत सैकिया के खिलाफ दीवानी और फौजदारी मानहानि की कार्रवाई शुरू की जाएगी।
गौरव गोगोई का आरोप
इससे पहले कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गौरव गोगोई ने बुधवार को प्रेस कांफ्रेंस कर आरोप लगाया था कि मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा और उनके परिवार ने असम में करीब 12,000 बीघा यानी 3,960 एकड़ से अधिक जमीन पर कब्जा कर रखा है।
गोगोई ने दावा किया कि इसी कथित भूमि घोटाले से ध्यान भटकाने के लिए उनके खिलाफ पाकिस्तानी संबंधों का मुद्दा उछाला जा रहा है। उन्होंने यह भी कहा था कि यह आंकड़ा अंतिम नहीं है और जांच आगे बढ़ने पर जमीन का रकबा और बढ़ सकता है।

©2026 Agnibaan , All Rights Reserved