भोपाल न्यूज़ (Bhopal News)

हितानंद शर्मा होंगे BJP के नए संगठन महामंत्री!

भोपाल। राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ ने गुजरात के कर्णावली में चल रही बैठक में मप्र भाजपा के संगठन महामंत्री सुहास भगत को संघ में वापस बुला लिया है। उन्हें मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के क्षेत्र बौद्धिक प्रमुख की जिम्मेदारी सौंपी गई है। भगत के स्थान पर डेढ़ साल से उनके साथ सह संगठन मंत्री जिम्मेदारी संभाल रहे हितानंद शर्मा को नया प्रदेश संगठन महामंत्री बनाया जा सकता है। हालांकि इसकी अभी अधिकृत घोषणा नहीं हुई है। सुहास भगत पिछले 6 साल से संगठन महामंत्री की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव के मद्देनजर भाजपा में यह दायित्व बदले जा रहे हैं।


सुहास भगत की संघ में वापसी
भजापा में हितानंद शर्मा के आने के बाद से सुहास भगत के संघ में वापस जाने की चर्चा थी, लेकिन लगातार उपचुनाव एवं संगठन में जमावट की वजह से यह निर्णय टलता जा रहा था। बताया गया कि गुजरात कर्णावती में चल रही संघ की बैठक में रविवार को ये फैसला लिया है। इसके बाद बीजेपी ने सुहास भगत को उनके वर्तमान दायित्व से मुक्त कर दिया। नए दायित्व के साथ उनका मुख्यालय अब जबलपुर होगा। सुहास भगत अप्रैल 2016 में एमपी में प्रदेश संगठन महामंत्री बने थे। इस दौरान उन्होंने पार्टी में कई प्रयोग किए। युवाओं को संगठन में काफी प्रमोट किया गया। मण्डल अध्यक्षों की जिम्मेदारी 40 वर्ष से कम आयु के युवाओं को सौंपी गई। संघ सूत्रों ने बताया कि फिलहाल हितानंद ही महामंत्री का दायित्व संभालेंगे। अगले कुछ दिनों में उनके नाम की घोषणा भी हो सकती है। हालांकि संघ सूत्र का कहना है कि इसमें कुछ दिन का वक्त भी लग सकता है।

Share:

Next Post

सत्ता और संगठन को समझ नहीं आ रहा उमा का मूड

Mon Mar 14 , 2022
मुख्यमंत्री से मिलने के 48 घंटे के भीतर उमा ने पत्थर फेंकना शुरू किया भोपाल। प्रदेश में शराबबंदी को लेकर आंदोलन करने का डेढ़ साल से ऐलान कर रहीं पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती अब सड़क पर उतर आई हैं। उन्होंने शराब बंदी का जो तरीका अपनाया है, उसको लेकर उनकी जमकर किरकिरी हो रही है। […]