
नई दिल्ली/पटना। बिहार (Bihar) में राज्यसभा चुनाव (Rajya Sabha Elections) से पहले सियासी हलचल तेज हो गई है। मतदान से ठीक पहले महागठबंधन ने अपने विधायकों को पटना (Patna) के एक होटल में ठहराया, लेकिन कांग्रेस (Congress) के चार विधायक (MLA) रातभर वहां नहीं पहुंचे, जिससे राजनीतिक गलियारों में सस्पेंस बढ़ गया।
पटना के होटल पनाश में महागठबंधन के विधायकों की बैठक आयोजित की गई थी। यहां कांग्रेस के छह में से केवल दो विधायक—किशनगंज से कमरूल होदा और चनपटिया से अभिषेक रंजन—ही पहुंचे। बाकी चार विधायक देर रात तक वहां नहीं पहुंचे और उनसे संपर्क भी नहीं हो सका।
जिन विधायकों से संपर्क नहीं हो पा रहा है, उनमें मनिहारी से मनोहर सिंह, फारबिसगंज से मनोज विश्वास, अररिया सदर से अब्दुर रहमान और वाल्मीकिनगर से सुरेंद्र कुशवाहा शामिल हैं। महागठबंधन के नेता, खासकर राजद के नेता, इनसे संपर्क करने की कोशिश में जुटे हुए हैं।
किशनगंज विधायक कमरूल होदा ने कहा कि बाकी कांग्रेस विधायक भी जल्द पहुंचेंगे और सभी महागठबंधन के साथ मजबूती से खड़े हैं। राज्यसभा चुनाव की रणनीति के तहत महागठबंधन ने विधायकों को एक जगह रखने की योजना बनाई है, ताकि किसी तरह की टूट-फूट या क्रॉस वोटिंग की संभावना को रोका जा सके।
इस दौरान राजद नेता तेजस्वी यादव भी होटल पहुंचे और विधायकों के साथ चर्चा की। राजद विधायक भाई वीरेंद्र ने दावा किया कि महागठबंधन के समर्थन में कुल 48 विधायक होंगे।
प्रशासन अलर्ट पर
चुनाव को लेकर प्रशासन भी सतर्क है। एसएसपी कार्तिकेय कुमार शर्मा ने कहा कि मतदान के लिए सभी सुरक्षा और प्रशासनिक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि किसी भी तरह की गड़बड़ी करने की कोशिश करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
होटल पनाश में एआईएमआईएम के सभी पांच विधायक और प्रदेश अध्यक्ष अख्तरुल ईमान भी मौजूद हैं। पार्टी ने इस चुनाव में महागठबंधन को समर्थन देने का फैसला किया है।
भाई वीरेंद्र का दावा- 48 तक पहुंचेंगे
जब मीडिया ने राजद विधायक भाई वीरेंद्र से विपक्ष के दावों पर सवाल किया तो उन्होंने कहा कि विपक्ष के पास कुछ खास नहीं है, लेकिन वे बड़े-बड़े दावे कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि महागठबंधन के पास अभी 41 विधायक हैं और यह संख्या बढ़ाकर 48 तक पहुंचाई जाएगी। हालांकि उन्होंने यह नहीं बताया कि अन्य किन दलों के विधायक समर्थन दे सकते हैं।
आज होगा मतदान
बिहार में राज्यसभा की पांच सीटों के लिए आज मतदान होगा। वोटिंग सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक चलेगी और परिणाम भी आज ही घोषित किए जाएंगे।
इस चुनाव में कुल छह उम्मीदवार मैदान में हैं। बिहार विधानसभा में कुल 243 सदस्य हैं और एक सीट जीतने के लिए कम से कम 41 वोटों की जरूरत होती है। वर्तमान में एनडीए के पास 202 विधायक हैं, जिससे चार सीटों पर उसकी स्थिति मजबूत मानी जा रही है।
वहीं महागठबंधन के पास 41 विधायक हैं, जिसमें सबसे बड़ी भूमिका राजद की है। पांचवीं सीट पर मुकाबला रोचक हो गया है, क्योंकि एआईएमआईएम के 5 और बसपा के 1 विधायक इस सीट के नतीजे को प्रभावित कर सकते हैं।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved