
अनंतपुर: आंध्र प्रदेश के अनंतपुर जिले से एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है. यहां घरेलू गैस सिलेंडर न मिलने से नाराज एक महिला ने सुसाइड का प्रयास किया. यह घटना गुत्ती मंडल के तोंडपाडु गांव की बताई जा रही है. फिलहाल महिला की हालत स्थिर है और वह अस्पताल में भर्ती है.
तोंडपाडु गांव निवासी हरीकृष्ण गैस सिलेंडर लेने के लिए स्थानीय गैस एजेंसी पहुंचे थे. लेकिन एजेंसी पर गैस की कमी होने के कारण उन्हें सिलेंडर नहीं दिया गया. एजेंसी संचालक ने उन्हें बताया कि गैस की आपूर्ति में देरी हो रही है और डिलीवरी में काफी समय लग सकता है. बताया जा रहा है कि बीते तीन दिनों से हरीकृष्ण गैस सिलेंडर लाने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन उन्हें सफलता नहीं मिली.
इधर, घर में गैस खत्म होने के कारण खाना बनाने में परेशानी हो रही थी. इसी बात को लेकर हरीकृष्ण की पत्नी महालक्ष्मी काफी परेशान और नाराज हो गई. परिवार के अनुसार, महालक्ष्मी गैस न होने के कारण बेहद तनाव में थी और इसी गुस्से व हताशा में उसने फिनाइल पीकर आत्महत्या करने की कोशिश की. घटना के बाद परिवार के सदस्यों में अफरा-तफरी मच गई. आनन-फानन में महालक्ष्मी को गुत्ती के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने तुरंत इलाज शुरू किया. फिलहाल उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है.
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved