
इंदौर। आज सुबह चोइथराम मंडी में पति ने पत्नी को जान से मारने की नीयत से उसका गला रेत दिया। इसके बाद खुद का भी गला काट लिया। लोगों की भीड़ ने पति को पकडक़र पुलिस को सौंप दिया। राजेंद्र नगर पुलिस ने बताया कि चोइथराम मंडी में सुबह 9 बजे घटना हुई। कांदारीलाल निवासी जनता कॉलोनी और उसकी पत्नी आरती मंडी में मजदूरी करते हैं। आज सुबह दोनों के बीच विवाद हुआ तो कांदारीलाल ने अपनी जेब से चाकू निकालकर आरती का गला रेत दिया। इसके बाद वह वहां से भागने लगा तो लोगों की भीड़ ने पकड़ लिया और पुलिस चौकी ले जाने लगे। उसने रास्ते में पड़ा एक कांच उठाया और खुद का भी गला काट लिया। बताया जा रहा है कि कांदारीलाल को आरती का दूसरे लोगों से बात करना पसंद नहीं था। इसी के चलते विवाद हुआ और बाद में उसने हमला कर दिया।
25 गार्ड, फिर भी भीड़ ने पकड़ा आरोपी को
बताया जा रहा है कि चोइथराम मंडी में नशेडिय़ों का जमावड़ा रहता है। 25 गार्ड होने के बावजूद सुरक्षा व्यवस्था पर कई सवाल खड़े होते हैं। आज सुबह जब यह घटना हुई, तब गार्ड खड़े होकर तमाशा देख रहे थे। वहां मौजूद किसानों और व्यापारियों ने हमलावर को पकड़ा और पुलिस को सौंपा।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved