
डेस्क: महाराष्ट्र में फर्जी बबाओं की एक से बढ़कर एक कहानी निकलकर सामने आ रही है. अभी अशोक खरात उर्फ भोंदू बाबा का मामला ठंडा भी नहीं पड़ा था कि एक और ‘भोंदू बाबा’ सुर्खियों में आ गया. इस बाबा का नाम ऋषिकेश वैद्य है. ये लोगों से अपने आप को स्वयंभू धर्मगुरु बताता था. भोले-भाले लोग इसके झांसे में भी आ जाते थे. आरोप है कि ऋषिकेश वैद्य ने एक महिला के साथ रेप किया. महिला ने इसकी शिकायत जब पुलिस से की तो डर के मारे बाबा फरार हो गया. अब पुलिस इसकी तलाश में जुटी है.
वसई के माणिकपुर थाने में ऋषिकेश वैद्य के खिलाफ रेप का ये मामला दर्ज किया गया है. पुलिस ने आगे की जांच के लिए केस पुणे के हडपसर थाने ट्रांसफर कर दिया है. पीड़ित महिला पुणे की निवासी है. उसने अपनी शिकायत में बताया कि वर्ष 2023 में उसकी पहचान फेसबुक के जरिए वसई निवासी ऋषिकेश वैद्य से हुई थी. वैद्य ने खुद को ‘आमची वसई संस्था’ का प्रमुख और धर्मगुरु बताते हुए उसकी धार्मिक आस्था का फायदा उठाया और उसे अध्यात्म सिखाने के बहाने अपने करीब लाया.
शिकायत के अनुसार, दिसंबर 2023 में ऋषिकेश वैद्य पुणे पहुंचा. उसने महिला को यह कहकर बहकाया कि वह महादेव का अवतार है और महिला उसकी पार्वती है. इसके बाद वह उसे पुणे के मांजरी इलाके के एक लॉज में ले गया, जहां कथित तौर पर उसे नशीला पदार्थ देकर दुष्कर्म किया. इस दौरान आरोपी ने महिला की जानकारी के बिना अश्लील तस्वीरें भी खींच लीं.
पीड़िता का आरोप है कि इन तस्वीरों के आधार पर आरोपी ने उसे ब्लैकमेल किया और दोबारा मिलने के लिए मजबूर किया. मई 2025 में वसई के एक होटल में बुलाकर फिर से गलत हरकत करने की कोशिश की. नासिक में सामने आए अशोक खरात से जुड़े मामले के बाद पीड़िता ने हिम्मत जुटाई और अपने पति को पूरी घटना बताई. 25 फरवरी की शाम माणिकपुर पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई.
माणिकपुर पुलिस थाने के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक हिरालाल जाधव के अनुसार, पहली घटना पुणे में होने के कारण केस को हडपसर पुलिस के पास ट्रांसफर कर दिया गया है. वहीं मामला दर्ज होने के बाद पुणे पुलिस जब आरोपी के घर पहुंची, तब वह फरार मिला. वहीं, आरोपी ऋषिकेश वैद्य ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर अपने ऊपर लगे आरोपों को झूठा बताया.
ऋषिकेश वैद्य ने लिखा, मेरे खिलाफ झूठा मामला दर्ज किया गया है, जल्द सच्चाई सामने आएगी. सत्यमेव जयते. वहीं पीड़ित महिला ने यह भी दावा किया कि आरोपी ने खुद को धर्मगुरु बताकर कई अन्य महिलाओं और लड़कियों को भी अपने जाल में फंसाकर उनका शोषण किया है. पुलिस अब इस एंगल से भी जांच कर रही है.
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved