भोपाल न्यूज़ (Bhopal News)

मैं आपके विश्वास को टूटने नहीं दूंगा

  • मुख्यमंत्री शिवराज चौहान ने हरिद्वार में किया डोर-टू-डोर जनसंपर्क, जनता से कहा

भोपाल। उत्तराखंड में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने हरिद्वार की ज्वालापुर विधानसभा सीट पर डोर- टू- डोर जन संपर्क किया। इसके साथ ही उन्होंने भाजपा के लिए वोट मांगे। उत्तराखंड की ब्रह्मकमल टोपी पहने शिवराज सिंह चौहान ने वाहन से भी समर्थकों के साथ प्रचार किया। इस दौरान उन्होंने कहा मेरे उत्तराखंड के भाई-बहनों, भांजे-भांजियों आपकी आत्मीयता और स्नेह के लिए हृदय से आभार व्यक्त करता हूं। आपने पारंपरिक टोपी पहनाकर और पुष्प वर्षा कर जो प्रेम और विश्वास जताया है। आपको विश्वास दिलाता हूं कि मैं आपके विश्वास को टूटने नहीं दूंगा। इससे पहले उन्होंने हरिद्वार के ग्रामीण विधानसभा में आयोजित जनसभा में भी संबोधित किया। जनसंपर्क के दौरान उन्होंने कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी पर निशाना साधा। कहा कि राहुल गांधी को कोई गंभीरता से नहीं लेता। उन्हें सब मजाक में लेते हैं। देश में दो शो चल रहे हैं, पहला टीवी पर कॉमेडी विद कपिल शर्मा और दूसरा मोबाइल पर कॉमेडी विद राहुल गांधी। जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा, यह पवित्र भूमि है, इसे मैं प्रणाम करता हूं। आपने परंपरागत टोपी पहनाकर स्वागत किया है, हृदय अभिभूत, मन आनंदित है। मैं आपको वचन देता हूं कि, आप के मान, सम्मान और इस टोपी की शान कभी कम नहीं होने दूंगा। उन्होंने आगे कहा कि, उत्तराखंड देवभूमि ही नहीं हमारे बहादुर जांबाज जवानों की भी धरती है। देश की रक्षा का सवाल हो या कोई संकट का दौर, इसी धरती के जवानों ने जान की बाजी लगाकर देश की रक्षा की है। मैं देश के लिए शहीद जवानों को नमन करता हूं।


उत्तराखंड के लिए सभी ने किया समर्पण
इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा, उत्तराखंड के लिए आप सभी ने समर्पण किया है। श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी ने उत्तराखंड को बनाया और आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी ने इसे संवारा, भाजपा सरकार इसका विकास कर रही है। सीएम शिवराज ने कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए कहा, कांग्रेस ने उत्तराखंड के लिए कुछ नहीं किया। उत्तराखंड चार धाम की धरती है। लेकिन कांग्रेस नेताओं के तो चार धाम सोनिया गांधी, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और रॉबर्ट वाड्रा हैं। उनके नेता इन्हीं की परिक्रमा करते रहते हैं। उन्होंने कहा, भारतीय जनता पार्टी चारों धाम के विकास के साथ अब सैन्य धाम के निर्माण के लिए कार्य कर रही है।

उत्तराखण्ड का ऐतिहासिक विकास किया जाएगा
मुख्यमंत्री ने आगे कहा, मानवीय संबंधों में प्यार का विशेष स्थान है। मां-बेटे, भाई-बहन, पिता-पुत्र का प्यार होता है, लेकिन इस प्यार के झांसे में कोई किसी की भावना से खिलवाड़ करेगा, धर्मांतरण कराएगा, तो ऐसे लव जिहाद को हम सख्ती से कुचल दें। उन्होंने कहा कि, मेरे भाइयों बहनों, इस पवित्र देवभूमि के विकास में भारतीय जनता पार्टी कोई कसर नहीं छोड़ेगी। किसानों, युवाओं और माताओं बहनों के कल्याण के लिए माननीय श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में उत्तराखण्ड का ऐतिहासिक विकास किया जाएगा।

कांग्रेस में तो वंशवाद की गहरी जड़ें हैं
मुख्यमंत्री ने कहा, भाजपा लोकतांत्रिक व्यवस्था में आस्था रखने वाली है। यहां सामान्य कार्यकर्ता भी प्रधानमंत्री पद तक पहुंच सकता है, जबकि कांग्रेस में तो वंशवाद की गहरी जड़ें हैं। तय है कि गांधी परिवार ही पार्टी का मुखिया रहेगा। उन्होंने कहा, जैसे रामायण में कुंभकरण 6 महीने सोता था और एक बार उठने पर खूब डटकर सब कुछ खा जाता था, वैसे ही कांग्रेस है, जो लोहा, लकड़ी, जमीन, पत्थर सब कुछ खाकर हजम कर जाती है। उन्होंने कहा, देवभूमि के चौमुखी विकास के लिए भारतीय जनता पार्टी प्रतिबद्ध है। 16 हजार करोड़ रुपए की लागत से पहाड़ों में रेल का काम चल रहा है। बस, मोबाइल और एयर कनेक्टिविटी के लिए भी निरंतर विकास कार्य किए जा रहे हैं।

Share:

Next Post

महापौर का चुनाव सीधे कराने सुप्रीम कोर्ट पहुंचा मामला

Fri Feb 11 , 2022
नागरिक उपभोक्ता मंच ने दायर की नई याचिका भोपाल। एमपी में नगर निगम के महापौर और नगर पालिकाओं के अध्यक्ष का चुनाव जनता द्वारा हो, इसे लेकर जबलपुर के डॉ. पीजी नाजपांडे की ओर से एक याचिका सुप्रीम कोर्ट में पेश की गई है। सुप्रीम कोर्ट में ये नई याचिका है। पूर्व में इसी विषय […]