
टोंक । भगत सिंह सेना प्रमुख नरेश मीणा (BSS chief Naresh Meena) ने कहा कि पानी के लिए भीख मांग लूंगा (I would beg for Water), लेकिन समाजों को लड़ाने का काम कभी नहीं करूंगा (But will never incite conflict between Communities) ।
उन्होंने कहा कि वर्तमान में राजस्थान में पांचना बांध के पानी का मुद्दा चर्चा में है, लेकिन कुछ नेता इस मुद्दे को लेकर दो जातियों को आपस में लड़ाने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे नेताओं से सावधान रहने की जरूरत है। जो जनता के लिए संघर्ष करने वाले युवाओं को अवसर नहीं देते और केवल अपने लोगों को आगे बढ़ाने का काम करते हैं, उनसे भी सावधान रहिए।
नरेश मीणा विधानसभा क्षेत्र देवली-उनियारा के ग्राम स्याला-सुखपुरा में एक धार्मिक कार्यक्रम में शामिल हुए थे। इस दौरान उन्होंने जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि यदि लड़ाई लड़नी है तो राजस्थान की भजन लाल शर्मा सरकार के खिलाफ किसानों और जनता के अधिकारों के लिए लड़नी चाहिए। पानी के मुद्दे पर दोनों समाजों को आपस में बैठकर समझौते और समाधान के प्रयास करने चाहिए। उन्होंने कहा कि अगर मुझे अवसर मिला तो पानी के लिए भीख मांग लूंगा, लेकिन समाजों को आपस में लड़ाने का काम कभी नहीं करूंगा।
नरेश मीणा ने कहा कि बांध के ऊपर बसे लोगों को लिफ्ट सिस्टम के माध्यम से पानी उपलब्ध कराया जाना चाहिए और कमांड एरिया के लोगों को भी उनका हक मिलना चाहिए। उन्होंने दुर्भाग्यपूर्ण बताया कि बीसलपुर बांध का पानी देवली-उनियारा क्षेत्र के लोगों को पर्याप्त रूप से नहीं मिल रहा, जबकि वही पानी जयपुर और अजमेर तक पहुंचाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि वह हाड़ौती क्षेत्र को कुछ चुनिंदा नेताओं के प्रभाव से मुक्त कराने की लड़ाई लड़ रहे हैं, क्योंकि जिनके पास जनसमर्थन नहीं है वे किसान समाजों पर शासन कर रहे हैं। उन्होंने क्षेत्र की किसान जातियों से जागरूक, संगठित और अपने अधिकारों के लिए संघर्ष करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा- मैं जोड़ने वाली राजनीति में विश्वास रखता हूं, तोड़ने वाली राजनीति में नहीं। समाजों में भाईचारा बना रहे और किसान अपने अधिकारों के लिए संगठित होकर संघर्ष करें।
बता दें कि जिले के स्याला-सुखपुरा गांव में इन दिनों पंचकुंडात्मक राम महायज्ञ का आयोजन किया जा रहा है। इसके तहत सीताराम मंदिर के शिखर प्रतिष्ठा और कलश स्थापना के साथ-साथ हनुमान, गणेश और शिव पंचायत की प्राण प्रतिष्ठा भी की जा रही है। इसमें आज निकाली गई शोभायात्रा में नरेश मीणा, पूर्व विधायक रामनारायण मीणा, सरपंच संघ जिलाध्यक्ष मुकेश मीणा आदि मौजूद थे।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved