
इंदौर। नगरीय निकाय के चुनाव की तैयारी कांग्रेस-भाजपा दोनों ने शुरू कर दी है। पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने जहां उपचुनावों की समीक्षा के साथ निगम-पंचायत चुनाव की तैयारियां शुरू की, वहीं प्रदेश प्रभारी महासचिव मुकुल वासनिक ने भी कल प्रत्याशी चयन को लेकर पदाधिकारियों से चर्चा की।
विधायकों को टिकट दिया जाए या नहीं इसको लेकर भाजपा के साथ-साथ कांग्रेस में भी मंथन चल रहा है। इंदौर में भी महापौर पद के लिए विधायक संजय शुक्ला का ही दावा मजबूत है, जिसके लिए सभी कार्यकर्ता भी तैयार हैं। यह भी तय किया जा रहा है कि जिला स्तर पर ही प्रत्याशियों का चयन किया जाए और सर्वे के जरिए जीतने वाले चेहरों को ही टिकट मिले, जिससे कि निगम चुनावों में कांग्रेस को पर्याप्त सफलता मिल सके। दो या दो से अधिक नाम होने पर लॉटरी के जरिए भी प्रत्याशियों का चयन किया जा सकता है। पिछले विधानसभा चुनाव में कमलनाथ ने सर्वे के आधार पर ही टिकट बांटे थे, जिसके परिणाम स्वरूप कांग्रेस को भाजपा से ज्यादा सीटें मिलीं और सरकार भी बन गई थी, लेकिन फिर आपसी विवादों के चलते सरकार गिर गई। अब उसी सर्वे का फॉर्मूला निगम चुनाव में अपनाएंगे।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved