
भोजपुर। रविवार को भोजपुर पहुंचे केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने लाड़ली बहना योजना को लेकर बड़ा और बेबाक बयान दिया है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि अब यह योजना इतनी असरदार हो चुकी है कि भविष्य में आने वाली हर सरकार को इसे जारी रखना ही पड़ेगा, क्योंकि अगर प्रदेश की बहनें गुस्सा हो गईं तो किसी की खैर नहीं है।
राशि 3000 रुपए तक बढ़ाने को लेकर क्या बोले शिवराज?
कार्यक्रम के दौरान जब केंद्रीय मंत्री ने महिलाओं से पूछा कि लाड़ली बहना योजना की राशि कितनी बढ़नी चाहिए तो महिलाओं ने एक स्वर में राशि बढ़ाकर 3000 रुपये करने की मांग की। इस पर जवाब देते हुए शिवराज सिंह चौहान ने मुस्कुराते हुए कहा कि इस योजना की शुरुआत होने के बाद अब देश के अन्य राज्यों में भी महिलाओं को आर्थिक सहायता देने वाली योजनाएं शुरू हो चुकी हैं।
बदली महिलाओं की जिंदगी और आत्मविश्वास
वहीं शिवराज ने अपने पुराने दिनों और संघर्षों को याद करते हुए कहा कि बचपन से ही गरीब और निम्न मध्यमवर्गीय परिवारों की महिलाओं को छोटी-छोटी जरूरतों के ले दूसरों के सामने हाथ फैलाते या पैसे मांगते देखा है। कई बार महिलाओं के पास मायके जाने तक के लिए पैसे नहीं होते थे। इसी दयनीय स्थिति को बदलने के लिए उन्होंने लाड़ली बहना योजना शुरू की थी। उनके अनुसार पैसे मिलने के बाद महिलाओं के घर में सम्मान बढ़ा है और अब वे आत्मविश्वास के साथ अपने फैसले खुद ले पा रही हैं।
‘अब खुद तय करती हैं किसे देना है वोट’
महिलाओं की राजनीतिक जागरूकता पर बात करते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि पहले यह माना जाता था कि परिवार का मुखिया जिस पार्टी को वोट देगा, महिलाएं भी उसी को वोट देंगी। लेकिन अब महिलाएं अपनी ताकत और अधिकार को भली-भांति समझ चुकी हैं। उन्होंने एक घटना का जिक्र करते हुए बताया कि एक महिला पर कांग्रेस को वोट देने का दबाव बनाया गया था और मारपीट भी हुई थी, जिस पर उन्होंने तत्काल FIR दर्ज करवाई थी। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं की सालाना आमदनी कम से कम 1 लाख रुपए करने के लिए सरकार उन्हें प्रशिक्षण और कम ब्याज पर कर्ज उपलब्ध करा रही है।
PM ग्राम सड़क योजना-IV की लॉन्चिंग कार्यक्रम में हुए शामिल
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान रविवार को भोजपुर में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना-IV की लॉन्चिंग कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने भोजपुर के विनेका में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के चौथे चरण का शुभारंभ किया। साथ ही रायसेन जिले में 84 किलोमीटर से अधिक लंबाई की 31 सड़कों का भूमिपूजन किया। कार्यक्रम में शिवराज सिंह चौहान ने उपस्थितजनों को संबोधित करते हुए ग्रामीण विकास, गरीबी, उन्मूलन, किसानों की आय बढ़ाने, खेती को लाभकारी बनाने के लिए संवाद किया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र की महिलाओं से भी सीधा संवाध किया और लाडली बहना योजना के बारे में चर्चा की।
जीतू पटवारी ने केंद्रीय मंत्री के बयान पर कसा तंज
एक तरफ केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने लाडली बहनों से बात कर उन्हें यह आश्वासन दिया तो वहीं विपक्ष इस मुद्दे पर हावी होने की कोशिश करने लगा। जीतू पटवारी ने शिवराज के बयान ‘लाड़ली बहनें नाराज हो गई, तो खैर नहीं!’ पर कहा कि ये खुली चेतावनी सिर्फ आप ही के लिए है! क्योंकि शिवराज भैया तो झूठा-वादा करके चले गए हैं!
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved