मुंबई। मशहूर उद्योगपति आनंद महिंद्रा (Anand Mahindra) एक बार फिर सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक प्रतिभाशाली बच्चे की मदद के लिए आगे आए हैं। इस बार उनकी नजर नैनीताल (Nainital) की सड़कों पर जादू दिखाने वाले एक युवा जादूगर पर पड़ी, जिसकी कला और आत्मविश्वास ने उन्हें इतना प्रभावित किया कि उन्होंने उसकी पढ़ाई और प्रतिभा को आगे बढ़ाने की इच्छा जाहिर की।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर शेयर किए गए एक वीडियो में नैनीताल का साहिल नाम का किशोर सड़क किनारे जादू के करतब दिखाता नजर आ रहा है। सीमित साधनों के बावजूद उसके प्रदर्शन में आत्मविश्वास और प्रस्तुति का अंदाज लोगों का ध्यान खींच रहा है।
वीडियो में साहिल छोटे-छोटे उपकरणों जैसे लोहे का कटोरा, जादुई छड़ी, सिक्का और लाल गेंदों की मदद से कई रोचक ट्रिक्स करता दिखाई देता है। कभी वह गेंदों को गायब कर देता है, तो कभी उन्हें एक बर्तन से दूसरे में पहुंचा देता है। प्रदर्शन के दौरान वह दर्शकों से बातचीत भी करता है, जिससे माहौल और दिलचस्प बन जाता है।
एक करतब में साहिल ऐसा दिखाता है मानो उसने दर्शकों के जूते, कान और नाक से सिक्का निकाल लिया हो। उसकी सहज प्रस्तुति और आत्मविश्वास ने उद्योगपति आनंद महिंद्रा का ध्यान अपनी ओर खींच लिया।
वीडियो साझा करते हुए आनंद महिंद्रा ने लिखा कि यह बच्चा बेहद प्रतिभाशाली है और वह सिर्फ उसकी पढ़ाई ही नहीं, बल्कि जादू की कला में उसकी रुचि को भी आगे बढ़ाने में मदद करना चाहते हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि यदि कोई साहिल और उसके परिवार तक पहुंचने में मदद कर सके तो वह संपर्क करे।
Yeh ladka bahut talented hai.
Kya woh abhi bhi Nainital ki sadkon par kaam kar raha hai?
Main na sirf uski padhai mein madad karna chahta hoon, balki jaadu mein uski dilchaspi ko bhi badhava dena chahta hoon.
Kyon na woh duniya ke behtareen jaadugaron mein se ek bane?
Kya… pic.twitter.com/lju2LokTBj
— anand mahindra (@anandmahindra) June 5, 2026
महिंद्रा ने अपने पोस्ट में लिखा, “यह लड़का बहुत टैलेंटेड है। क्या वह अब भी नैनीताल की सड़कों पर प्रदर्शन कर रहा है? मैं उसकी शिक्षा में सहयोग करना चाहता हूं और उसकी जादू की प्रतिभा को भी आगे बढ़ाना चाहता हूं। क्यों न वह दुनिया के बेहतरीन जादूगरों में शामिल हो?”
आनंद महिंद्रा की इस पहल के बाद सोशल मीडिया पर लोगों की प्रतिक्रियाएं भी सामने आने लगीं। कई यूजर्स ने उनकी सराहना करते हुए बच्चे तक पहुंचने में मदद का भरोसा दिया। एक यूजर ने लिखा कि उसके रिश्तेदार हल्द्वानी में रहते हैं और वह जानकारी जुटाने की कोशिश करेगा, जबकि दूसरे यूजर ने इसे बच्चे की जिंदगी बदलने वाला मौका बताया।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved