देश

तेज वैक्‍सीनेशन के मामले में अमेरिका के बाद दूसरे नंबर पर इंडिया, 34 दिनों में 1 करोड़ वैक्‍सीन लगी

नई दिल्‍ली। कोरोना के खिलाफ टीकाकरण अभियान लगातार गति पकड़ रहा है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने शुक्रवार को बताया कि कोरोना के खिलाफ तेज टीकाकरण के मामले में भारत दुनिया में अब दूसरे स्थान पर पहुंच गया है। तेजी से टीकाकरण के मामले में भारत से आगे अब केवल अमेरिका ही हैं। मंत्रालय का कहना है कि बीते 34 दिनों में ही देश में एक करोड़ लोगों के कोविड टीकाकरण का आंकड़ा हासिल कर लिया गया है। खबरों के मुताबिक अमेरिका ने 31 दिनों में इस आंकड़े को हासिल किया था जबकि ब्रिटेन ने इसे 56 दिनों में पूरा किया था।


केंद्रीय स्‍वास्‍थ्‍य मंत्रालय ने बताया कि अब तक 2,11,462 सत्रों में कुल 1,01,88,007 स्वास्थ्यकर्मियों और अग्रिम मोर्चे के कर्मियों को कोविड-19 के टीके दिए गए हैं। इनमें 62,60,242 स्वास्थ्यकर्मियों पहली जबकि 6,10,899 को दूसरी खुराक और अग्रिम मोर्चे के 33,16,866 कर्मियों को पहली खुराक शामिल है। मालूम हो कि देश में 16 जनवरी से कोविड-19 के खिलाफ टीकाकरण अभियान शुरू हुआ था। वैक्‍सीन की पहली डोज लेने वाले लोगों को 28 दिन पूरे होने के बाद 13 फरवरी से दूसरी खुराक लगाई जानी शुरू की गई है।

अग्रिम मोर्चे पर तैनात कर्मियों को दो फरवरी से कोविड वैक्‍सीन लगाई जानी शुरू की गई थी। टीकाकरण अभियान के 34वें दिन कुल 6,58,674 लोगों को वैक्सीन लगाई गई। इनमें से 4,16,942 लाभार्थियों को पहली खुराक जबकि 2,41,732 स्‍वास्‍थ्‍य कर्मियों को दूसरी खुराक लगाई गई। 34वें दिन 10,812 सत्रों में टीकाकरण किया गया। आठ राज्यों में 57.47 फीसद टीकाकरण हुआ है। उत्‍तर प्रदेश इकलौता राज्‍य है जहां 10.5 फीसद टीकाकरण किया गया है।

सात राज्‍यों में 60.85 फीसद वैक्‍सीन की दूसरी डोज दी गई है। इनमें से तेलंगाना में 12 फीसद वैक्‍सीन की दूसरी डोज दे दी गई है। टीकाकरण के बीच बड़ी बात यह है कि बीते 24 घंटे में 16 राज्‍यों और केंद्र शासित प्रदेशों में कोरोना से किसी की मौत नहीं हुई है। इनमें गुजरात, हिमाचल प्रदेश, गोवा, झारखंड, मेघालय, पुडुचेरी, चंडीगढ़, मणिपुर, मिजोरम, लक्षद्वीप, सिक्किम, अरुणाचल प्रदेश, लद्दाख, त्रिपुरा, अंडमान निकोबार द्वीप समूह, दमन दीव और दादर नगर हवेली हैं।

Share:

Next Post

भाजपा सांसद साध्वी प्रज्ञा को सांस लेने में तकलीफ, दिल्ली एम्स में भर्ती

Fri Feb 19 , 2021
नई दिल्ली। मप्र की राजधानी भोपाल से सांसद साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर की शुक्रवार को अचानक से तबीयत बिगड़ जाने के कारण उन्हें आनन-फानन में दिल्ली के एम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्हें सांस लेने में तकलीफ के कारण अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हाल में ही बीते मंगलवार को प्रज्ञा दिल्ली […]