बड़ी खबर राजनीति

सुबह वफाई सिद्धू के साथ, शाम को अमरिंदर के साथ, Congress MLA दुविधा में

-कैप्टन के करीबी बाजवा के निवास पर सिद्धू का शक्ति प्रदर्शन

चंडीगढ़। गुटबाजी में फंसी पंजाब कांग्रेस (Punjab Congress trapped in factionalism) में अब विधायक भी अजीब स्थिति में हैं। प्रदेश कांग्रेस के नवनियुक्त अध्यक्ष नवजोत सिद्धू और मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह (State Congress President Navjot Sidhu and Chief Minister Captain Amarinder Singh) के बीच चल रही खींचतान में पंजाब के कांग्रेस विधायक फंस गए हैं।

पंजाब का दौरा करने के बाद सोमवार को नवजोत सिंह सिद्धू कैबिनेट मंत्री तृप्त राजिंदर सिंह बाजवा के चंडीगढ़ आवास पर पहुंचे। जहां अमरिंदर सरकार के लगभग सभी मंत्री और चर्चित विधायक पहले से ही मौजूद थे। प्रदेश कांग्रेस के निवर्तमान अध्यक्ष सुनील जाखड़ भी सिद्धू का स्वागत करने के लिए बाजवा के आवास पर पहुंचे। यहां सभी मंत्रियों ने नवजोत सिंह सिद्धू को नई जिम्मेदारी के लिए बधाई दी हुए अपनी तरफ से सहयोग दिए जाने का आश्वासन दिया।


सिद्धू पिछले तीन दिनों से पार्टी नेताओं, विधायकों व मंत्रियों से मुलाकात कर रहे हैं। सोमवार को बाजवा के घर पर सिद्धू के साथ लगभग 25 विधायक मौजूद रहे। बाजवा के आवास पर कैबिनेट मंत्री रजिया सुलताना, चरणजीत सिंह चन्नी, सुखजिंदर सिंह रंधावा भी मौजूद थे।

इसके बाद सिद्धू पूर्व सीएम राजिंदर कौर भट्टल के निवास पर गए। भट्टल की कोठी कैप्टन अमरिंदर सिंह की कोठी से कुछ ही दूरी पर है। इससे पहले नवजोत सिंह सिद्धू मोहाली में पंजाब कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष कुलजीत सिंह नागरा के घर पहुंचे। नागरा ने कहा कि वह टीम की तरह काम करेंगे। इस मौके पर विधायक कुलबीर जीरा, अमरिंदर सिंह राजा वडिंग ने केक भी काटा। जीरा ने कहा कि आज दोबारा उम्मीद जाग गई है कि वह दोबारा एमएलए बन जाएंगे। विधायक वडिंग ने कहा कि पंजाब की तस्वीर ही नहीं तकदीर भी बदलेगी। जल्द ही मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह के साथ मुलाकात होगी।

सिद्धू की चंडीगढ़ में चल रही गतिविधियों के बीच पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह सोमवार की शाम करीब डेढ़ साल बाद सिसवां फार्म छोड़कर सरकारी आवास में आ गए। अमरिंदर के सरकारी आवास में आने की सूचना मिलते ही कुछ विधायक जो कुछ समय पहले बाजवा के आवास पर सिद्धू की शान में कसीदे पढ़ रहे थे, वह अमरिंदर से मुलाकात करने पहुंच गए और उन्हें समर्थन का भरोसा दिया।

इसी बीच चंडीगढ़ स्थित पंजाब कांग्रेस मुख्यालय की हवा भी आज बदली हुई नजर आई। कांग्रेस भवन में मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह और सुनील जाखड़ के होर्डिंग उतार दिए गए। हर जगह नवजोत सिंह सिद्धू के होर्डिंग लगा दिए गए। सिद्धू के होर्डिंग पर केवल उन्हीं की फोटो को बड़ा करके लगाया गया है जबकि अमरिंदर की फोटो को अन्य नेताओं के साथ लगाया गया है।

पंजाब कांग्रेस का अध्यक्ष बनते ही नवजोत सिंह सिद्धू ने अपने पिता भगवंत सिंह की प्रथम प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू के साथ फोटो को साझा करते हुए ट्विटर पर लिखा कि सभी के साथ समृद्धि और स्वतंत्रता को साझा करने के लिए, मेरे पिता एक शाही घराने को छोड़कर एक साधारण कांग्रेस कार्यकर्ता के रूप में स्वतंत्रता संग्राम में शामिल हो गए। उन्हें देशभक्ति के काम के लिए किंग्स एमनेस्टी से राहत मिली। बाद में वह जिला कांग्रेस अध्यक्ष, विधायक, एमएलसी और एडवोकेट जनरल बने।

सिद्धू ने ट्वीट कर लिखा कि वह इसी सपने को पूरा करने के लिए और कांग्रेस को मजबूत करने के लिए कांग्रेस प्रधान सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी का आभार व्यक्त करते हैं। जिन्होंने मुझ पर भरोसा जताया और मुझे यह जिम्मेदारी दी। सिद्धू ने कहा कि पंजाब मॉडल और हाईकमान का 18 सूत्रीय कार्यक्रम और मिशन जितेगा, पंजाब को पूरा करने कांग्रेस के हर सदस्य का सहयोग लिया जाएगा। मेरी यात्रा अभी शुरू हुई है। (एजेंसी, हि.स.)

Share:

Next Post

अमेरिकी बाप-बेटे को जापान में मिली सजा, निसान के पूर्व अध्‍यक्ष को था भगाया

Tue Jul 20 , 2021
टोक्यो। जापान(Japan) की एक अदालत ने ‘निसान’ कंपनी के पूर्व अध्यक्ष कार्लोस गोस्न (Carlos Gosn, former president of Nissan Company) को भगाने में मदद करने के मामले में दोषी मानते हुए एक अमेरिकी नागरिक और उसके बेटे को कैद (US citizen imprisoned) की सजा सुनाई है। जापान की अदालत (court of japan) ने माइकल टेलर […]