
नई दिल्ली। देशभर में पड़ रही भीषण गर्मी (Intense Heat) ने आम जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। कई राज्यों में तापमान 45 से 47 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने से पानी और बिजली की मांग तेजी से बढ़ गई है। राजधानी दिल्ली (Delhi), उत्तर प्रदेश (UP), महाराष्ट्र (Maharashtra), मध्य प्रदेश (Madhya Pradesh) समेत कई राज्यों के शहरों और ग्रामीण इलाकों में जल संकट (Water crisis) और बिजली कटौती (Power Cut) गंभीर समस्या बन गई है। कहीं लोग पानी की एक-एक बूंद के लिए लंबी कतारों में खड़े हैं तो कहीं बिजली की अनियमित आपूर्ति से हालात और बिगड़ गए हैं।
लगातार बढ़ती गर्मी के कारण बोरवेल सूख रहे हैं और भूजल स्तर तेजी से नीचे जा रहा है। कई इलाकों में लोग टैंकरों पर निर्भर हो गए हैं। बिजली संकट की वजह से पानी की मोटरें भी बंद पड़ी हैं, जिससे जल आपूर्ति प्रभावित हो रही है।
दिल्ली में पानी के लिए जद्दोजहद
दक्षिण दिल्ली के दक्षिणपुरी और देवली इलाके में पिछले करीब दो महीनों से पानी की सप्लाई बाधित है। ब्लॉक 10 और 11 सहित कई क्षेत्रों में घरों के नल सूख चुके हैं। लोग बाल्टियां और डिब्बे लेकर घंटों पानी का इंतजार कर रहे हैं। संगम विहार, अंबेडकर नगर, खानपुर, तिगड़ी, मदनगीर और तुगलकाबाद एक्सटेंशन जैसे इलाकों में भी जल संकट बना हुआ है। पूर्वी दिल्ली के दिलशाद गार्डन में लोगों ने जल बोर्ड कार्यालय के बाहर प्रदर्शन भी किया।
महाराष्ट्र में टैंकरों पर बढ़ी निर्भरता
मुंबई में पानी की उपलब्धता कम होने के चलते 10 प्रतिशत पानी कटौती लागू कर दी गई है। शहर की सात झीलों का जलस्तर 19.22 प्रतिशत से नीचे पहुंच गया है। वहीं अमरावती, अकोला, मेलघाट और चंद्रपुर में तापमान 45 से 47 डिग्री तक पहुंचने से ग्रामीण क्षेत्रों में हालात और खराब हो गए हैं।
चंद्रपुर जिले के कुछ गांवों में आज भी लोग नाले के पानी पर निर्भर हैं। महिलाएं सूखे बरसाती नालों में गड्ढे खोदकर रिसता हुआ पानी इकट्ठा करने को मजबूर हैं। ग्रामीणों का कहना है कि शिकायतों के बावजूद अब तक स्थायी समाधान नहीं हो पाया है।
मध्य प्रदेश में भी बिगड़े हालात
मध्य प्रदेश के दतिया में पेयजल संकट गहराता जा रहा है। यहां 3 से 4 दिन में एक बार सीमित समय के लिए पानी की सप्लाई हो रही है। कई इलाकों में दूषित पानी आने की शिकायतें भी सामने आई हैं। बुरहानपुर जिले के धुलकोट क्षेत्र में भी पानी की भारी कमी बनी हुई है।
उत्तर प्रदेश में ‘नो पावर, नो वॉटर’ की स्थिति
लखनऊ के फैजुल्लागंज इलाके में बिजली कटौती के कारण पानी की मोटरें बंद पड़ी हैं, जिससे लोगों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। गोरखपुर में भी बिजली संकट और गिरते जलस्तर ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। प्रयागराज, सहारनपुर और कानपुर में भी जल आपूर्ति प्रभावित हुई है।
गाजियाबाद और खोड़ा में लोग टैंकरों के सहारे पानी की जरूरत पूरी कर रहे हैं। वहीं सहारनपुर की अजीज कॉलोनी के करीब 300 परिवार पिछले एक महीने से जल संकट का सामना कर रहे हैं। कानपुर के 80 फीट रोड इलाके में लंबे समय तक बिजली गुल रहने से लोगों को भीषण गर्मी में परेशानी झेलनी पड़ी।
देशभर में गर्मी के लगातार बढ़ते असर के बीच पानी और बिजली की समस्या ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। कई इलाकों में हालात इतने गंभीर हो चुके हैं कि स्थानीय स्तर पर विरोध प्रदर्शन और नाराजगी भी बढ़ती जा रही है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved