
ऑकलैंड । किवी पीएम लक्सन (Kiwi PM Luxon) ने कहा कि न्यूजीलैंड की अर्थव्यवस्था में (In New Zealand’s Economy) भारतीय समुदाय का 37 बिलियन डॉलर का योगदान (Indian Community contributes $37 Billion) ।
न्यूजीलैंड के प्रवासी भारतीयों को जिस पल का इंतजार था आखिर वो खत्म हुआ और उन्होंने भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अपने आंखों के सामने पाया। ‘किआ ओरा मोदी’ (पीएम मोदी आपका स्वागत) और मोदी-मोदी के नारों से स्पार्क एरिना गूंज उठा। मंच पर पीएम मोदी और प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन ने उत्साहित जनों का अभिवादन स्वीकार किया। विशाल जनसमूह को संबोधित करते हुए किवी पीएम ने कहा कि आप बेहद मेहनती लोग हैं। उन्होंने कहा, ” उनका देश जो कुछ भी आज है उसमें प्रवासी भारतीयों का बहुत बड़ा हाथ है। उन्होंने कहा कि आप लोग बेहद मेहनती लोग हैं। इसी हफ्ते की एक रिपोर्ट में जाहिर हुआ है कि भारतीय समुदाय हमारी अर्थव्यवस्था में 37 बिलियन डॉलर का योगदान दे रहा है। जो हमारी जीडीपी का नौ फीसदी है।” इससे पहले, लोगों का अभिवादन स्वीकार करने के बाद राष्ट्रगान बजा फिर दोनों दर्शक दीर्घा में पहुंचे और द्विपक्षीय रिश्तों को बखूबी बयां करती वीडियो क्लिप स्क्रीन पर दिखाई गई। इसमें 4सी की बात थी!
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि उस 4 सी को ‘कल्चर, क्रिकेट, कम्युनिटी और कॉमर्स’ के तौर पर परिभाषित किया था यानी संस्कृति, क्रिकेट, सामुदायिक और वित्तीय संबंध । ऐसे संबंध जो तब भी झलके थे जब लक्सन भारत आए थे और अब भी झलके जब भारत के प्रधानमंत्री वहां पहुंचे। इस दौरान उन्होंने न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के लिए खेलने वाले भारतीय मूल के रचिन रवींद्र, ईश सोढ़ी, एजाज पटेल का नाम लिया। रवींद्र, सोढ़ी और पटेल फिलहाल न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम में किसी-न-किसी फॉर्मेट का हिस्सा हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि 100 साल पहले हमारी हॉकी टीम न्यूजीलैंड खेलने आई थी। उस दौरे पर मेजर ध्यानचंद के प्रदर्शन की हर तरफ चर्चा हुई थी। उनकी हॉकी ने न्यूजीलैंड के लोगों का दिल जीत लिया था। पीएम ने खेल के क्षेत्र में भारत और न्यूजीलैंड के बीच साझेदारी की असीम संभावना जताते हुए कहा कि दोनों देश खेल के क्षेत्र में एक साथ काम कर सकते हैं। क्रिकेट के क्षेत्र में मजबूत होते रिश्तों की कहानी बयां करती तस्वीरें भी काफी आकर्षक हैं। इसमें क्रिस्टोफर लक्सन के गली क्रिकेट खेलती तस्वीरें भी हैं। भारत की अपनी यात्रा के दौरान उन्होंने नई दिल्ली में बच्चों और दिग्गज क्रिकेटरों के साथ ‘स्ट्रीट क्रिकेट’ (गली क्रिकेट) खेला था। द्विपक्षीय बैठक के बाद प्रेस वार्ता में न्यूजीलैंड के पीएम ने कहा था कि वो भारत के साथ मिलकर काम करने को तैयार हैं।
रग्बी में सहयोग को लेकर प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “दोनों देश खेल में भी शानदार सहयोग कर सकते हैं; एक उदाहरण रग्बी का है। कुछ देर पहले ही पता चला कि ऑल ब्लैट्स ने रग्बी के मैच में शानदार जीत दर्ज की है। भारत रग्बी में न्यूजीलैंड से सीखना चाहता है। भारत भी रग्बी में आगे आए, इसके लिए हमें कोच चाहिए, एक्सपर्ट्स चाहिए। इसके लिए न्यूजीलैंड हमारी बहुत मदद कर सकता है। हाल ही में भुवनेश्वर में न्यूजीलैंड रग्बी और रग्बी इंडिया के कोचिंग प्रोग्राम को मैं एक अच्छी शुरुआत मानता हूं।”
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “लगभग 25-30 साल पहले, जब मैं किसी सरकार का हिस्सा नहीं था और सार्वजनिक जीवन में मुझे बहुत कम लोग जानते थे, तब मुझे न्यूजीलैंड आने का अवसर मिला था। उस समय किसी ने मुझे तीन चीजें दी थीं- एक मफलर, एक टोपी और एक दस्ताना। आज मैं उन चीजों में से एक चीज अपने साथ इस कार्यक्रम में लेकर आया हूं… यह मफलर, जिसे मैंने अपने पास संभालकर रखा है और इन वर्षों में कई बार इस्तेमाल किया है।” उन्होंने कहा कि न्यूजीलैंड में ठंड होने की जानकारी मिलने के बाद वह इस मफलर को विशेष रूप से अपने साथ लेकर आए। उन्होंने कहा, “मैं इसकी देखभाल उसी तरह करता हूं, जैसे मैं आपके मेरे प्रति प्यार की देखभाल करता हूं।” प्रधानमंत्री के इस भावुक संबोधन पर कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने जोरदार तालियां बजाईं।
भारत दौरे के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ पीएम लक्सन 17 मार्च 2025 को नई दिल्ली स्थित ऐतिहासिक गुरुद्वारा रकाब गंज साहिब गए थे। तब दोनों नेताओं ने पीले स्कार्फ पहनकर गुरु ग्रंथ साहिब के सामने मत्था टेका था और सिख समुदाय की सेवा एवं मानवता के प्रति प्रतिबद्धता की सराहना की थी।4सी के मंत्र को फलीभूत होते उन समझौतों में भी देखा जा सकता है जो दोनों देशों के बीच संपन्न हुए। पीएम मोदी ने शुक्रवार को न्यूजीलैंड के ऑकलैंड में प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन के साथ द्विपक्षीय बैठक की थी। इसमें 18 बड़े फैसले और 10 समझौतों (एमओयू) पर साइन किए गए। दोनों नेताओं ने 2030 तक द्विपक्षीय व्यापार को दोगुना करने का लक्ष्य रखा।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved