देश

अमेरिका में पढ़ने वाली भारतीय छात्रा की छेड़खानी के दौरान सड़क हादसे में मौत

3.80 करोड़ की स्कॉलरशिप मिली पढ़ने के लिए
बुलंदशहर। पढ़ाई में होनहार सुदीक्षा भाटी ने दो साल पहले ही इंटरमीडिएट की परीक्षा में बुलंदशहर जनपद टॉप किया था। स्कॉलरशिप मिली तो उच्च शिक्षा के लिए अमेरिका चली गईं। मेहनत के बल पर एक शानदार करियर उनके सामने था। लेकिन कुछ मनचले लड़कों की छेड़खानी ने इस प्रतिभा को हमेशा के लिए बुझा दिया।
दरअसल, कोरोना संक्रमण काल में अपने घर लौटीं सुदीक्षा अपने रिश्तेदार के पास जा रही थीं। वह चाचा के साथ बाइक पर बैठी थीं। रास्ते में ही बुलेट सवार कुछ शोहदों ने छेड़खानी शुरू कर दी। फ्लर्ट के दौरान आरोपी युवक बार-बार बाइक को ओवरटेक कर रहे थे। उसी दौरान मनचलों से बचने के चक्कर में गाड़ी गिर गई और सुदीक्षा की मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सुदीक्षा भाटी ने साल 2018 में इंटरमीडिएट में बुलंदशहर जनपद को टॉप किया था। HCL की तरफ से 3 करोड़ 80 लाख रुपये की स्कॉलरशिप दिए जाने के बाद सुदीक्षा भाटी अमेरिका में उच्च शिक्षा ग्रहण करने चली गई थी। सुदीक्षा अमेरिका के बॉब्सन कॉलेज में भारत सरकार के खर्च पर पढ़ रही थी।
सुदीक्षा का परिवार गौतमबुद्धनगर के दादरी क्षेत्र का निवासी है। परिजन के मुताबिक कोरोना की वजह से सुदीक्षा अमेरिका से स्वदेश लौटी थी। वह अपने मामा से मिलने जा रही थी। कुछ दिनों के बाद ही उसे वापस अमेरिका पढ़ाई के लिए लौटना था। लेकिन किसी को क्या पता था कि कुछ शोहदों की करतूत की वजह से उसकी मौत हो जाएगी और फिर वह कभी अमेरिका नहीं जा पाएगी।
पुलिस ने छात्रा के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अज्ञात बाइकर्स के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर ली गई है। इस घटना से एक बार फिर कानून-व्यवस्था सवालों के घेरे में आ गई है।

Share:

Next Post

व्हाइट हाउस के बाहर फायरिंग, ट्रंप बोले-स्थिति नियंत्रण में

Tue Aug 11 , 2020
फायरिंग के चलते ट्रंप की ब्रीफिंग भी हुई प्रभावित इस साल के आखिर तक कोरोना की वैक्सीन: ट्रंप वाशिंगटन। व्हाइट हाउस के बाहर फायरिंग की घटना हुई है। अमेरिकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने इस बात की जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि वाइट हाउस के बाहर फायरिंग की सूचना मिली है। हालांकि, अब स्थिति नियंत्रण […]