
गांधीनगर क्षेत्र में हुई थी घटना, घर के पीछे जहर खाकर दी जान, परिजनों के बयानों के आधार पर होगी आगे की कार्रवाई
इन्दौर। एक शख्स ने जहर खाकर (Consuming Poison) आत्महत्या कर ली। परिजनों का आरोप है कि उस पर हमला हुआ था। पुलिस (Police) ने सही से सुनवाई नहीं की और हमला करने वाला उसे धमका रहा था, जिसके चलते उसने जान दी।
गांधीनगर क्षेत्र के 55 साल के गजेंद्र पिता नाथू निवासी शंकर कालोनी ने आत्महत्या की। गजेंद्र के रिश्तेदारों का कहना है कि पड़ोसी मेहताब ने उन पर हमला कर दिया था, जिसकी रिपोर्ट पुलिस को दर्ज कराई थी, लेकिन सामान्य धाराएं लगने से मेहताब की थाने से ही जमानत हो गई। अब वह दोबारा धमकाता था। हताश होकर गजेंद्र ने यह कदम उठा लिया। उधर पूरे मामले मे गांधीनगर पुलिस पर भी लापरवाही बरतने के आरोप लग रहे हैं।
अस्पताल की स्लिप लगा मृत नवजात पार्क में छोडक़र भागी मां
नेहरू पार्क में एक नवजात का शव मिला। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से शव को छोडक़र भागने वाली महिला की तलाश कर रही है। तुकोगंज पुलिस को पार्क में पहुंचे लोगों ने शव पड़ा होने की सूचना दी, जिसके बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची तो नवजात बच्चे का शव पड़ा था। उसके गले में एक अस्पताल की स्लिप भी टंगी थी। स्लिप के अनुसार बच्चे का जन्म अस्पताल में 23 तारीख को हुआ था। अब पुलिस उसी स्लिप के आधार पर भी आरोपी महिला की तलाश कर रही है।
बाइक सवार ने जहर खाकर दी जान
इंदौर के एक बाइक सवार की सिमरोल क्षेत्र में बॉडी मिली। पास में जहर की दो शीशियां भी मिलीं, जिससे आशंका है कि उसने जहर खाया है। सिमरोल पुलिस ने बताया कि बाईग्राम और शारदा ढाबे के बीच एक बाइक सवार बदहवास अवस्था में पड़ा था। जांच करने पर पता चाल कि उसकी मौत हो चुकी है। उसकी पहचान विजय ईगोले निवासी मेघदूत नगर के रूप में हुई है। पास में दो जहर की शीशियां पड़ी थीं, जिससे आशंका है कि विजय ने आत्महत्या की होगी। यह साफ नहीं हुआ है कि उसने यह कदम क्यों उठाया है। सिमरोल पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि मौके से किसी प्रकार का सुसाइड नोट भी नहीं मिला है।
धोखा देता रहा युवक, युवती की आत्महत्या में कार्रवाई…
एक युवती की आत्महत्या के मामले में युवक के खिलाफ पुलिस कार्रवाई हुई है। उसने उसे धोखा दिया था। आजाद नगर पुलिस ने बताया कि चंद्रपुरी कॉलोनी में रहकर पढ़ाई करने वाली एक युवती ने फंासी लगाकर जान दे दी थी। पुलिस ने मामले की जांच की तो सामने आया कि युवती के साथ उसके पैतृक गांव धार जिले के दत्तीगांव में रहने वाला अजय चौधरी कक्षा 10 वीं से पढ़ता था। दोनों के बीच दोस्ती थी। अजय ने युवती से शादी का वादा किया और युवती की कहीं और शादी नहीं होने दी। बाद में अजय शादी करने से मुकर गया और कहीं और शादी कर ली। इसी से आहत होकर युवती ने आत्महत्या कर ली। पुलिस ने अजय के खिलाफ युवती को आत्महत्या के लिए उकसाने का केस दर्ज किया है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved